बिलासपुर (निप्र)। बिलासपुर जिले में सोमवार को ब्लॉक व तहसील पुनर्गठन की जनसुनवाई पूरी कर ली गई। इसके अनुसार जिले में 12 ब्लॉक व 11 तहसील होंगे। ब्लॉक मुख्यालय के अंतर्गत कितनी ग्राम पंचायतों को शामिल किया जाना है, ब्लॉक की सीमाएं क्या होंगी, जैसे महत्वपूर्ण मसले को पूरा कर लिया गया है।
नई तहसील के निर्माण और बड़ी तहसीलों के पुनर्गठन को लेकर सोमवार 26 को ब्लॉक व तहसील पुनर्गठन आयोग के अध्यक्ष एसके मिश्रा की अगुवाई में जिला मुख्यालय में जनसुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जिले के एक अफसर ने बताया कि नए ब्लॉक के निर्माण व पुराने व बड़े ब्लॉक के पुनर्गठन के अलावा तहसीलों के पुनर्गठन व निर्माण को लेकर जिला प्रशासन ने आयोग के समक्ष जिले की स्थिति को सामने रखते हुए अपनी अनुशंसा दे दी है। ब्लॉक व तहसीलों की संख्या 12-11 रखने जिला प्रशासन ने सिद्घांतः अपनी सहमति व मंजूरी दे दी है।
कोटा ब्लॉक की पंचायतों से अस्तित्व में आएगा बेलगहना ब्लॉक
कोटा विकासखंड में वर्तमान में 81 ग्राम पंचायत हैं। बेलगहना को नया ब्लॉक बनाए जाने की स्थिति में कोटा की 34 ग्राम पंचायतों को बेलगहना व 6 ग्राम पंचायतों को रतनपुर ब्लॉक में शामिल किया जाएगा। ब्लॉक गठन व पुनर्गठन के बाद कोटा ब्लॉक में 43 ग्राम पंचायतें रह जाएंगी। कोटा विधानसभा क्षेत्र के हिस्से में रतनपुर व बेलगहना ब्लॉक, मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के हिस्से में सीपत, तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के हिस्से में सकरी तथा बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के हिस्से में बिलासपुर ब्लॉक आएगा।
एशिया के सबसे ब्लॉक हो जाएगा छोटा
पुनर्गठन के बाद एशिया के सबसे बड़े ब्लॉक के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले बिल्हा ब्लॉक का स्वरूप छोटा हो जाएगा। वर्तमान में यहां 123 ग्राम पंचायतें हैं। नए बनने वाले बिलासपुर ब्लॉक मुख्यालय में बिल्हा की 39 ग्राम पंचायतें तथा रतनपुर ब्लॉक में 32 ग्राम पंचायतों को शामिल किया जाएगा। मसलन, बिल्हा से टूटने वाली ग्राम पंचायतों के चलते दो नए ब्लॉक अस्तित्व में आएंगे। तब बिल्हा ब्लॉक में 52 ग्राम पंचायतें रह जाएंगीं।
जिले में 12 ब्लॉकों की ऐसी रहेगी स्थिति
ब्लॉक मुख्यालय का नाम कुल ग्राम पंचायत आश्रित ग्राम क्षेत्रफल(वर्ग किमी में)
रतनपुर 38 52 2116.99
बिलासपुर 39 47 22881.61
सीपत 44 62 263.48
सकरी 54 74 368.69
बेलगहना 34 79 399.18
बिल्हा 52 88 346.11
मस्तूरी 62 110 459.91
तखतपुर 51 104 335.91
पेंड्रा 37 61 426.62
गौरेला 48 71 470.93
मरवाही 57 87 706.07
कोटा 38 74 308.58
ब्लॉक व तहसील जो आएंगे अस्तित्व में
0 बिलासपुर जिला - जिले में रतनपुर, सकरी, बेलगहना, व बिलासपुर को नए ब्लॉक और रतनपुर, सीपत व सकरी को तहसील बनाने का प्रस्ताव है।
0 मुंगेली जिला- जरहागांव व डिंडौरी को ब्लॉक व तहसील का दर्जा मिलेगा।
0 जांजगीर-चांपा जिला- हसौद व जांजगीर को ब्लॉक व तहसील का दर्जा मिलेगा।
0 कोरबा जिला- बरपाली, पसान व हरदीबाजार को ब्लॉक व तहसील का दर्जा मिलेगा।
0 रायगढ़ जिला- कोतरा, कापू व उलखुर को तहसील व ब्लॉक का दर्जा मिलेगा।