
बिलासपुर (निप्र)। जोनल स्टेशन के पीआरएस में अब यात्रियों को टिकट आरक्षण कराने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए आखिरकार रेल प्रशासन ने 6 नंबर के काउंटर में स्टॉफ तैनात कर आरक्षण की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके खुलते ही वहां चार काउंटर से सुविधा मिलने लगेगी।
जोनल रेलवे स्टेशन में ऐसे तो 9 काउंटर हैं, पर आरक्षण की सुविधा केवल तीन काउंटर 3, 4 व 5 से मिलती है। एक नंबर काउंटर वरिष्ठ नागरिकों के लिए है। दो नंबर पूछताछ व टोकन के देने के लिए निर्धारित है। 6 व 7 नंबर काउंटर बंद हैं। 8 व 9 नंबर काउंटर से केवल जनरल टिकट ही दिए जाते हैं। केवल तीन काउंटर से आरक्षण सुविधा मिलने के कारण यात्रियों को निर्धारित समय पर टिकट नहीं मिल पाता है। यात्रियों की मांग को देखते हुए रेल प्रशासन ने 6 नंबर काउंटर को भी खोलने का निर्णय लिया है। रेल प्रशासन का मानना है कि इससे काफी हद तक यात्रियों को राहत मिलेगी। स्टॉफ की कमी की समस्या समाप्त होती है तो आने वाले दिनों 7 नंबर के काउंटर को खोलने पर जोर दिया जाएगा।
अलग- अलग समय पर करेंगे लंच
यात्रियों के इंतजार की समस्या को समाप्त करने के लिए एक निर्णय यह भी लिया गया है कि अब सभी काउंटर के कर्मचारियों के लंच का समय अलग- अलग रहेगा। अभी लंच का समय एक साथ होने के कारण यात्रियों को टोकन लेने के बाद भी काउंटर में कर्मचारियों के बैठने का इंतजार करना पड़ता था, पर अब ऐसा नहीं होगा।
चांपा में अतिरिक्त काउंटर
चांपा रेलवे स्टेशन में भी यात्रियों की भीड़ को देखते हुए एक अतिरिक्त जनरल टिकट काउंटर खोलने का निर्णय लिया गया है। यह अस्थाई काउंटर 23 मार्च से खुलेगा और आगामी आदेश तक इससे जनरल टिकट दिए जाएंगे।
पीआरएस में अभी केवल तीन काउंटर से ही रिजर्वेशन हो रहा था। इससे यात्रियों को परेशानी और आरक्षण के लिए इंतजार भी करना पड़ता था। उनकी इन्हीं परेशानियों को देखते हुए ही 6 नंबर काउंटर को खोलने का निर्णय लिया गया है।
रविश कुमार सिंह
सीनियर डीसीएम, बिलासपुर रेल मंडल