Railway News: सफर हो सुरक्षित इसलिए यात्रियों को कर रहे सचेत
Railway News: सभी प्रमुख रेलवे स्टेशन में ट्रेनों के आगमन व प्रस्थान के अलावा अन्य जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए उद्घोषणा सिस्टम भी उपलब्ध है।
By Manoj Kumar Tiwari
Edited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Sat, 02 Sep 2023 09:53:17 AM (IST)
Updated Date: Sat, 02 Sep 2023 09:53:17 AM (IST)
ट्रेन के पेंट्रीकार में जांच करती रेलवे की टीम।HighLights
- ज्वलनशील सामान लेकर यात्री सफर तो नहीं कर रहे हैं।
- 15 दिनों का विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान
- पेंट्रीकार में खाना पकाने पर है प्रतिबंध
Railway News: रेलवे में चलाया जा रहा 15 दिनों का विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान फोटो यात्री सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए रेल प्रशासन हरसंभव प्रयास भी कर रहा है। इसी के तहत ही अभी बिलासपुर रेल मंडल में 15 दिनों का विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अलग- अलग विभागों के अधिकारी व कर्मचारी ट्रेन से लेकर रेलवे स्टेशन में पहुंचकर उन चीजों की जांच कर रहे हैं, जिसकी वजह से घटना होने की आशंका रहती है, बल्कि यात्रियों को सचेत भी किया जा रहा है।
अभियान की शुरुआत मदुरै की घटना के बाद चलाया जा रहा है। इस स्टेशन में एक ट्रेन के कोच में गैर सिलिंडर फटने के कारण आग लग थी। इसे देखते हुए रेलवे बोर्ड ने सभी जोन के उनके अंतर्गत आने वाले रेल मंडलों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
27 अगस्त से 10 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान सुरक्षित यात्रा वातावरण बनाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों को ट्रेनों में यात्रा के दौरान अग्नि सुरक्षा के महत्व से अवगत कराना व जागरूकता अभियान चलाकर आग की लगने की घटनाओं के जोखिम को कम करना है।
टीम मंडल के प्रमुख स्टेशनों से गुजरने वाली प्रत्येक ट्रेनों के पेंट्रीकार के अलावा स्लीपर व जनरल कोच में पहुंच रही है। जांच के दौरान देखा जा रहा है कि विस्फोटक और एलपीजी सिलिंडर, केरोसिन, स्टोव आदि ज्वलनशील सामान लेकर यात्री सफर तो नहीं कर रहे हैं। खासकर पेंट्रीकार में देखा जा रहा है कि वहां खाना पकाने के लिए सिलिंडर उपयोग तो नहीं लाया जा रहा है।
अभियान की शुरुआत में कुछ ट्रेनों की पेंट्रीकार से सिलिंडर जब्त भी किए गए थे। धूम्रपान पर रोक, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता तथा वैधता भी जांची जा रही है। इसके अलावा यात्रियों को ट्रेनों में यात्रा करते समय अग्नि सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है। यात्रियों को यात्रा के दौरान ज्वलनशील सामान के साथ यात्रा नहीं करने के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
उद्घोषणा के जरिए भी कर रहे जागरूक
सभी प्रमुख रेलवे स्टेशन में ट्रेनों के आगमन व प्रस्थान के अलावा अन्य जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए उद्घोषणा सिस्टम भी उपलब्ध है। इसी माध्यम से भी प्रतिबंधित सामानों को ट्रेन में नहीं ले जाने के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनसे आग्रह किया जा रहा है। इसके साथ ही सभी टिकट जांच करने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता व गाड़ियों में प्रतिबंधित सामान की जांच करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
पेंट्रीकार में खाना पकाने पर है प्रतिबंध
पूर्व में भी आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। यही वजह है कि ट्रेनों की पेंट्रीकार में खाना पकाने पर प्रतिबंध लगा हुआ है। आइआरसीटीसी को इसे लेकर लगातार पेंट्रीकार संचालकों को निर्देश भी जारी कर रहा है। हालांकि कई ट्रेनों में चोरी-छिपे खाना पकाया जाता है। जांच की शुरुआत में इस तरह की लापरवाही सामने भी आई थी। इस पर आइआरसीटीसी को कार्रवाई करने के लिए कहा गया था। मालूम हो कि पेंट्रीकार का संचालन आइआरसीटीसी के पास है। इसलिए कार्रवाई का अधिकारी उन्हीं के पास है। रेलवे केवल कार्रवाई करने की अनुशंसा करती है।