
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोंगा (बहेरादोहर) से लापता 15 वर्षीय संजू अगरिया पिता सुरेश अगरिया का 52 दिन बाद भी पता नहीं चल सका है। बेटे की तलाश में भटक रहे स्वजन की उम्मीद अब भी कायम है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों से अपने बेटे को वापस लाने की गुहार लगा रही है।
वीडियो में मां की बेबसी साफ दिखाई दे रही है। उसकी एक ही पुकार है- कोई मेरे संजू को वापस ला दो। इधर संजू की तलाश के लिए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर रमकोला थाना प्रभारी हीरालाल साहू के नेतृत्व में छह सदस्यीय पुलिस टीम 24 नवंबर से हैदराबाद में डेरा डाले हुए है।
टीम के सदस्य पिछले पांच दिनों से संजू की तलाश में अलग-अलग प्लांटों में जाकर पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस को जानकारी मिली थी कि संजू हैदराबाद के किसी प्लांट में काम करने गया है। पुलिस टीम संजू की फोटो और आधार कार्ड लेकर विभिन्न प्लांटों के साथ होटल और ढाबों में भी पहुंच रही है। हालांकि अभी तक उसका कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
रिश्तेदार के साथ गया था हैदराबाद
रमकोला थाना प्रभारी हीरालाल साहू ने नईदुनिया को बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संजू करीब चार माह से पलढा निवासी अपनी बुआ के यहां रह रहा था। इसी दौरान वह अपने चचेरे भाई छोटू के साथ काम की तलाश में अंबिकापुर भी गया था, लेकिन वहां काम नहीं मिलने पर वापस पलढा लौट आया। इसी बीच संजू का रिश्तेदार दीपक छुट्टी पर पलढा आया हुआ था। वह हैदराबाद के एक प्लांट में काम करता है।
जब दीपक वापस हैदराबाद जाने की तैयारी करने लगा तो संजू और छोटू भी उसके साथ जाने की जिद करने लगे। दोनों ने घर में डांट-फटकार मिलने की बात कहते हुए वापस नहीं जाने और काम करके पैसे कमाने की इच्छा जताई। इसके बाद दीपक दोनों को अपने साथ हैदराबाद ले गया। इनके साथ संजू का फूफा रामप्रसाद भी हैदराबाद चला गया। इस तरह चारों लोग वहां पहुंचे।
जिस प्लांट में भेजा था वहां नहीं मिला संजू
थाना प्रभारी के अनुसार हैदराबाद पहुंचने के बाद चारों अलग-अलग प्लांटों की ओर चले गए। संजू को भी एक प्लांट में भेजा गया था। इसके बाद से ही उसका कोई पता नहीं चल रहा है। हैदराबाद पहुंची पुलिस टीम को छोटू, दीपक और संजू के फूफा रामप्रसाद मिल गए, लेकिन संजू का पता नहीं चला।
पुलिस टीम ने उस प्लांट में भी जाकर जानकारी जुटाई, जहां संजू को भेजे जाने की बात सामने आई थी। वहां संचालक ने संजू की फोटो देखकर बताया कि वह काम मांगने के लिए आया था, लेकिन नाबालिग होने के कारण उसे काम पर नहीं रखा गया। इसके बाद वह वहां से चला गया।
पुलिस को तलाश के दौरान एक-दो अन्य प्लांटों में भी संजू के काम मांगने की जानकारी मिली, लेकिन वहां भी उसे काम नहीं दिया गया। हैदराबाद में सैकड़ों प्लांट होने के कारण संजू की तलाश में पुलिस टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि संजू के पास मोबाइल नहीं है जिस कारण उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही।
स्वजन जनदर्शन में भी लगा चुके हैं गुहार
संजू के लापता होने के मामले में 16 नवंबर को नईदुनिया में ''किशोर एक माह से लापता, स्वजनों को अपहरण की आशंका'' शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था। स्वजन ने दो नवंबर को सूरजपुर कलेक्टर जनदर्शन में भी शिकायत कर बेटे की तलाश कराने की गुहार लगाई थी। पिता की मौखिक रिपोर्ट पर रमकोला थाना पुलिस ने 23 अक्टूबर 2026 को बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया था। अब हैदराबाद में पुलिस टीम की तलाश के बीच परिवार को संजू की सकुशल वापसी का इंतजार है।