चक्रवात और द्रोणिका के असर से बदला मौसम; छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अंधड़ का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती घेरे और द्रोणिका के प्रभाव से गुरुवार रात मौसम बदल गया। बिलासपुर में दिन का तापमान 43.6 डिग्री रहने के बाद रात को तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई।
Publish Date: Fri, 29 May 2026 07:34:49 AM (IST)Updated Date: Fri, 29 May 2026 07:34:49 AM (IST)
शहर में देर रात बरसात हुई, जिससे गर्मी से लोगों को राहत मिली।HighLights
- बादलों के बीच दिन में 43.6 डिग्री पारा, रात में झमाझम
- बिलासपुर समेत प्रदेशभर में बदला मौसम का मिजाज
- बिलासपुर में दोपहर को तपाया, रात को झमाझम बारिश
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः भीषण गर्मी और उमस से तपते शहर को गुरुवार रात को राहत मिली। दिन में बादलों की आवाजाही के बावजूद बिलासपुर में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और दोपहरभर गर्म हवाओं व उमस ने लोगों को बेहाल रखा। शाम ढलते ही मौसम ने अचानक करवट ली। पहले हल्का अंधड़ चला, फिर तेज हवाओं के साथ बादल घिर आए और रात में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज हुई और देर रात तक मौसम सुहाना बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज और बदलेगा। कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।
गुरुवार की सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। बादलों की आवाजाही के कारण मौसम में बेचैनी बनी रही, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आया और लोग गर्म हवाओं से बचने छांव तलाशते रहे। शाम होते-होते आसमान शाम में काले बादल छा गए और तेज हवा चलने लगी। कुछ देर तक धूलभरी हवाओं का दौर चला, जिसके बाद रात में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से सड़कों पर पानी भर गया और मौसम अचानक ठंडा हो गया।
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस)
माना एयरपोर्ट -44.4
बिलासपुर -43.6
पेंड्रारोड -42.2
अंबिकापुर -41.1
जगदलपुर -41.5
भीषण गर्मी से मिली राहत
पिछले कई दिनों से रात में भी गर्म हवाएं चल रही थीं और लोगों को देर रात तक उमस भरी गर्मी परेशान कर रही थी। गुरुवार को भी दिनभर तपिश बनी रही, लेकिन शाम के बाद अचानक बदले मौसम ने राहत पहुंचाई।
इस सिस्टम ने बदला मौसम
मौसम विज्ञानियों के अनुसार उत्तरी झारखंड और आसपास के क्षेत्र में बना चक्रवाती परिसंचरण तथा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक बनी द्रोणिका के असर से प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। यही सिस्टम नमी खींचकर ला रहा है, जिसके कारण बादल और बारिश की स्थिति बन रही है।
आज ऐसा रहेगा मौसम
शुक्रवार को प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। बिलासपुर शहर और जिले में भी दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। शाम या रात में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।