Bilaspur Railway News: बंद है पत्थर बदलने का काम, घेरे के कारण चलना मुश्किल
Bilaspur Railway News: रेलवे का इंजीनियरिंग विभाग नहीं दे रहा ध्यान
By sandeep.yadav
Edited By: sandeep.yadav
Publish Date: Mon, 20 Sep 2021 09:12:00 AM (IST)
Updated Date: Mon, 20 Sep 2021 11:00:00 AM (IST)

बिलासपुर। Bilaspur Railway News: जोनल स्टेशन के प्लेटफार्म एक में कोटा पत्थर बदलने का काम एक सप्ताह से बंद है। पुराने को निकालकर ऐसे ही छोड़ दिया गया है। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। दरअसल जिस हिस्से में काम चल रहा था उसे घेर दिया है। इसके चलते यात्रियों को चलने में परेशानी हो रही है। इसके बाद भी रेलवे का इंजीनियरिंग विभाग ठेकेदार पर न तो काम का दबाव पा रहा है और ना घेरे को हटा रहा है। यात्री हड़बड़ी में ट्रेन पकड़ते हैं। उस स्थिति में दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
पत्थर बदलने का काम एक-एक कर किया जा रहा है। पहले प्लेटफार्म क्रमांक चार-पांच के पत्थरों को बदला गया। उसके बाद प्लेटफार्म एक में काम की शुरुआत हुई। ठेकेदार ने यह काम हावड़ा छोर से किया। पर प्लेटफार्म दो-तीन व चार-पांच जाने की सीढ़ी तक ही काम किया और उसके बाद अचानक बंद कर दिया। एक तो पहले धीमी गति से काम किया जा रहा था। अब बंद ही कर दिया गया। इसके चलते जहां से पत्थर उखाड़े गए थे वहां का हिस्सा उसी तरह पड़ा हुआ है।
स्टेशन का सबसे प्रमुख प्लेटफार्म होने के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है। स्टेशन के अधिकारी से लेकर कर्मचारियों को यह अव्यवस्था रोज खटकती है। पर इंजीनियरिंग विभाग को यात्रियों की समस्या नजर नहीं आ रही है। पहले जब धीमी गति से काम हो रहा था, उसी समय विभाग को पत्र भेजा गया था। इसमें स्पष्ट काम जल्द कराने के निर्देश दिए गए थे। पर काम बंद होने से यात्रियों को फिलहाल राहत मिलना मुश्किल लग रहा है।