
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। मल्हार थाना क्षेत्र के चौहा गांव में अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला के बिलासपुर जाते ही अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बना लिया। चोरों ने गेट और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया तथा आलमारी का लाकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर फरार हो गए। चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसमें संदेही की स्पष्ट तस्वीर मिली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मल्हार चौकी अंतर्गत चौहा निवासी विवेक राय मंडी बोर्ड निर्माण विभाग में इंजीनियर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि परिवार में पांच भाई और दो बहनें हैं। सभी भाई नौकरी और पढ़ाई के कारण बाहर रहते हैं। उनकी मां गांव स्थित पैतृक घर में अकेली रहती हैं। 10 जुलाई की शाम बड़े भाई गांव पहुंचे और मां को अपने साथ बिलासपुर ले गए। घर से निकलते समय शाम करीब छह बजे उन्होंने मकान में ताला लगा दिया था।
सोमवार की सुबह करीब 10 बजे जब बुजुर्ग महिला वापस गांव लौटीं तो घर के बाहर लगे गेट का ताला टूटा मिला। मुख्य दरवाजे का हुक भी टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का लाकर भी टूटा पड़ा था। जांच करने पर उसमें रखी चांदी की बिछिया, सोने के तीन गेहूं-दाना आभूषण और करीब 15 हजार रुपये नगद गायब मिले। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्यों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद विवेक राय ने मल्हार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर से देवपहरी घूमने निकले तीन दोस्त; ट्रेलर ने बेरहमी से रौंदा, MBBS छात्र समेत दो की मौत युवती गंभीर
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई करतूत
इंजीनियर के मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। चोरी की जानकारी होने पर उन्होंने सीसीटीवी कैमरे का फुटेज चेक किया। इसमें एक युवक घर में घुसकर दरवाजों को तोड़ते दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज में उसकी स्पष्ट तस्वीर मिली है। इसके आधार पर पुलिस ने संदेही की तलाश शुरू कर दी है। बताया जाता है कि पुलिस को युवक के संबंध में जानकारी मिली है। इसके आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।