
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: दिल्ली से प्रयागराज होकर बिलासपुर पहुंचने वाली उड़ान और बिलासपुर से दिल्ली जाने वाला विमान रविवार को रद रहेगा। दरअसल एलायंस एअर के पास विमानों का टोटा है। कंपनी के अधिकांश विमान मेंटेनेंस पर चले गए हैं।
बिलासपुर से चलने वाली उड़ानों के समय में परिवर्तन और कभी भी रद किए जाने के फैसलों की वजह से यात्रियों का भरोसा बिलासपुर एयरपोर्ट से घटता जा रहा है। जिन दोनों उड़ानों को रद किया गया है, वह महत्वपूर्ण है। दोनों में यात्रियों की संख्या पर्याप्त रहती है। लेकिन, अब धीरे-धीरे यात्री यहां की उड़ान सेवा से निराश होने लगे हैं। इसकी वजह विमान की उपलब्धता है।
वर्तमान में एलायंस एअर के अधिकांश विमान मेंटेनेंस के लिए चले गए हैं। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब बिलासपुर से यह उड़ान रद हो रही है। लगातार ऐसा हो रहा है। कभी समय में परिवर्तन कर दिया जाता है तो किस दिन इसे रद कर दी जाती है। कही न कही इसका असर यात्रियों के भरोसे पर पड़ रहा है। अब तो इसका असर यात्रियों की संख्या पर लगातार पड़ रहा है। हवाई उड़ान को सभी यात्री एक निश्चित समय और शेड्यूल के लिए उपयोग करते हैं। उस सुविधा के साथ इस तरह का खिलवाड़ कहीं से भी उचित नहीं है।
एलायंस एअर कंपनी के पास 20 एटीआर विमान है। परंतु इनमें से अधिकांश मेंटेनेंस में खड़े रहते हैं। बिलासपुर में टायर फटने वाले विमान को मिलाकर पिछले महीने ही तीन विमान मेंटेनेंस में गए है। इस स्थिति में केवल एलायंस एअर के भरोसे बिलासपुर से हवाई उड़ानों को समय पर और निश्चित शेड्यूल में चलाया जाना संभव नहीं है।बाक्स-0 ओपन टेंडर से अन्य एयरलाइन को क्यों नहीं बुला रही राज्य सरकारहवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने दोनों उड़ान के रद होने पर नाराजगी जाहिर की है।
समिति का कहना है कि वह लगातार राज्य सरकार से यह मांग करती रही है कि उसके द्वारा, जो सब्सिडी बिलासपुर एवं अंबिकापुर तथा जगदलपुर से उड़ान संचालन के लिए दी जा रही है उसे ओपन टेंडर के माध्यम से दिया जाए। जिससे कि ऐसी सभी कंपनियां जिनके पास एटीआर विमान है वे भाग ले सके और ज्यादा अच्छी सुविधा प्रदान कर सके।
समिति का कहना है कि यह समझ से परे है कि छत्तीसगढ़ के वित्त और विमानन विभाग के अधिकारी आखिर क्यों एक ओपन टेंडर , जो कि किसी भी सरकारी योजना को लागू करने का सबसे बेहतर माध्यम है, उसको करने से बच रहे हैं। समिति ने रायपुर और बिलासपुर के बीच जारी पारंपरिक प्रतिस्पर्धा को याद दिलाते हुए कहा के राज्य सरकार के अधिकारी बिलासपुर और रायपुर में किसी एक का साथ दें यह उचित नहीं है।