बिलासपुर में वसंत संग वर्षा का होगा संगम, वसंत ऋतु के स्वागत में खिले टेसू के फूल
प्रदेश में 26 फरवरी को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की सम्भावना है। न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने तथा अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
By Dhirendra Kumar Sinha
Edited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Mon, 26 Feb 2024 07:32:38 AM (IST)
Updated Date: Mon, 26 Feb 2024 07:32:38 AM (IST)
टेसू के वृक्ष में खिले फूलHighLights
- सोम व मंगल को शहर में बरस सकते हैं बादल
- दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम
- प्रमुख शहरों का तापमान
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिलासपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। वसंत ऋतु में वर्षा का संगम होगा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में वर्षा की भविष्यवाणी की है। बिलासपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी संभव है। रविवार को दिनभर आसमान में बादल मंडराते रहे, जिस वजह से दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। वीकेंड पर पर्यटकों ने प्रकृति का जमकर लुत्फ उठाया। शनि के बाद रविवार को शहर के आसपास अधिकांश पर्यटन स्थलों में भीड़ रही। आसमान में बादल और वातावरण में ठंडक महसूस होने के कारण लोगों ने परिवार सहित छुट्टी का भरपूर आनंद उठाया।
हवा की दिशा भी अब बदल चुकी है। इसके कारण वातावरण में नमी है। प्रकृति का मनोरम दृश्य देखने लोग उमड़े। एक ओर जहां हरियाली ने सभी को आकर्षित किया तो वहीं ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में आम के बौर और टेसू के फूल ने मन को खुश किया। मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ, द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभमंडल में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर 50 डिग्री पूर्व और 25 डिग्री उत्तर में स्थित है। एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ से दक्षिण तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से रविवार को हल्की वर्षा हो सकती है।
आज व कल बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग की मानें तो सोमवार और मंगलवार को मौसम बदला हुआ रहेगा। प्रदेश में सोमवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने और अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ सिराज खान की मानें तो मंगलवार को भी वर्षा संभावित है। बुधवार से परिस्थितियां बदलेंगी। आसमान से धीरे-धीरे बादल छंटेंगे। हालांकि दो मार्च के आसपास फिर से एक नया विक्षोभ सक्रिय होगा।
प्रमुख शहरों का तापमान, पूर्वानुमान अधिकतम न्यूनतम
बिलासपुर 26 फरवरी 31 22
27 फरवरी 31 22
पेंड्रारोड 26 फरवरी 28 16
27 फरवरी 29 17
अंबिकापुर 26 फरवरी 28 16
27 फरवरी 27 16