
बिलासपुर नईदुनिया प्रतिनिधि: छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में चोरों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं। त्योहारी सीजन के बीच शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की ताबड़तोड़ तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। सकरी क्षेत्र में चोरों ने कंपोजिट शराब दुकान की दीवार में सेंधमारी कर महंगी शराब और नकदी पार कर दी, वहीं सरकंडा और सिरगिट्टी इलाके में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरों ने सोने-चांदी के जेवर, नकदी और कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। एक ही समय में हुई इन वारदातों से शहरवासियों में दहशत और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
1. सकरी: शराब दुकान की दीवार तोड़कर महंगी बोतलें और नकदी पार पहली घटना सकरी थाना क्षेत्र के कोड़ापुरी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान की है, जहां 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला। मुंगेली जिले के सरगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दौना निवासी सुपरवाइजर सुजीत चतुर्वेदी (37) ने पुलिस को बताया कि 19 अक्टूबर की सुबह जब वह ड्यूटी पर पहुंचे, तो दुकान के पीछे की दीवार में सेंधमारी मिली।
दीवार में चोरों द्वारा किया गया छेद

चोर दीवार तोड़कर भीतर घुसे और एक पेटी प्लेन मदिरा (48 पाव), एट पीएम ब्लैक की चार बोतलें, ब्लेंडर्स प्राइड रिजर्व, मेड ऑफ प्रीमियम, व्हाइट एंड ब्लू की एक-एक बोतल के साथ गल्ले में रखे 4,360 रुपये नकद समेटकर फरार हो गए। सुपरवाइजर की शिकायत पर सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
2. सरकंडा: पुणे गए व्यापारी के सूने मकान का ताला तोड़कर 70 हजार का माल साफ दूसरी घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की बालाजीपुरम कॉलोनी की है, जहां सूने मकान को निशाना बनाया गया। व्यवसायी प्रशांत वर्मा ने बताया कि उनके छोटे भाई विकास वर्मा अपनी पत्नी के साथ बेटी से मिलने पुणे गए हुए हैं। घर की साफ-सफाई के लिए रखी गई महिला जब 17 अक्टूबर की दोपहर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। चोरों ने राशन के डिब्बों से लेकर हर कोने की तलाशी ली और घर में रखे सोने के 11 मोतीदाने, चांदी की चार जोड़ी पायल, सात जोड़ी बिछिया, चार सिक्के, तीन मूर्तियां, कैमरा, हेयर ड्रायर और नकदी समेत करीब 70 हजार का सामान पार कर दिया। सरकंडा पुलिस ने इस मामले में भी चोरी का केस दर्ज कर लिया है।
3. सिरगिट्टी: परिवार के साथ दुर्गा देखने गए निगमकर्मी के घर से 1.20 लाख की चोरी तीसरी वारदात सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेश नगर मस्जिद के पास हुई। नगर निगम में काम करने वाले पुष्कर सोनी (33) ने बताया कि 18 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे वह परिवार के साथ शहर में दुर्गा देखने गए थे। रात करीब 12:30 बजे लौटने पर जब दरवाजा अंदर से बंद मिला, तो वह छत के रास्ते अंदर गए। वहां ऊपर का दरवाजा टूटा हुआ था और अलमारी का लाकर तोड़कर सोने का मंगलसूत्र, कान की बालियां, लॉकेट, चांदी की दो जोड़ी पायल, नकदी और तीन मोबाइल फोन समेत करीब 1.20 लाख रुपये का सामान गायब था। पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।