Bilaspur Municipal Corporation:इस बार समय पर खुले बिलासपुर नगर निगम के प्याऊ
शहर के एक दर्जन से ज्यादा क्षेत्र में हो रहा संचालित
By Yogeshwar Sharma
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Mon, 25 Apr 2022 10:28:26 AM (IST)
Updated Date: Mon, 25 Apr 2022 10:28:21 AM (IST)

बिलासपुर। हर बार गर्मी के मौसम में नगर निगम प्याऊ खोलने में देरी कर देता है। लेकिन इस बार निगम के प्याऊ समय पर खोल दिए गए हैं। इससे रहगीरों की से प्यास बुझ रही है और भीषण गर्मी में राहत मिल रही है।
गर्मी के दिनों में पानी सबसे ज्यादा महत्वपूण तत्व होता है। गर्मी की वजह से प्यास भी ज्यादा लगती है। ऐसे में दिन में हर आधे से एक घंटे के अंदर पानी पीने की आवश्यकता होती है। ऐसे में हर साल शहर के चौक चौराहों पर निगम प्याऊ खोलता है। रविवार से निगम के प्याऊ घर खोल दिए गए हैं। इस बार सत्यम चौक, नेहरू चौक, देवकीनंदन चौक, मंदिर चौक, मंगला चौक, गोल बाजार, गांधी चौक के साथ शहर के अन्य प्रमुख चौक चौराहों में एक दर्जन से ज्यादा प्याऊ खोले गए हैं। साथ ही अन्य व्यस्थ रहने वाले चौक में प्याऊ खोलने की प्रक्रिया चल रही है। नई जगहों पर भी आने वाले एक से दो दिन के भीतर प्याऊ की सुविधा मिलने लगेगी। इससे सड़क पर चलने वालों को राहत मिली है।
वाटर एटीएम भी करा रहे मरम्मत
गर्मी लगातार बढ़ती ही जा रही है। वहीं मई के महीने में गर्मी अपने पूरे शबाब में रहेगी। ऐसे में रहगीरों को समय-समय पर पानी की जरूरत पड़ते ही रहेगी। इन बातों को ध्यान में रखकर जिला अस्पताल, सिम्स और राघवेंद्र राव सभा भवन परिसर स्थित वाटर एटीएम को फिर से चालू किया जा रहा है। जहां पर लोगों को एक रुपये में आरओ का एक लीटर ठंडा पानी मिल सकेगा। इसके अलावा नेहरू चौक के साथ ही अन्य स्थानों पर बनाए गए पानी घर को भी फिर से चालू किया जा रहा है। आने वाले एक से दो दिन के भीतर इसे शुरू कर दिया जाएगा।