
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: पितृ पक्ष मेले में पुनपुन घाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से गुजरने वाली तीन स्पेशल ट्रेनों को पुनपुन घाट हाल्ट स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है। 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक इन ट्रेनों का दो मिनट ठहराव रहेगा। इससे गया-पटना क्षेत्र में पितरों के तर्पण और धार्मिक अनुष्ठान के लिए जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
पितृ पक्ष हिंदू परंपरा में पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, स्मरण और कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष समय माना जाता है। इस अवधि में श्रद्धालु अपने पितरों के निमित्त तर्पण, पिंडदान और अन्य धार्मिक कर्मकांड करते हैं। बिहार के पुनपुन घाट का भी पितृ पक्ष के दौरान विशेष धार्मिक महत्व है। इसी को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल ने पुनपुन घाट हाल्ट स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था की है।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल एक्सप्रेस 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक पुनपुन घाट हाल्ट पर दो मिनट रुकेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 03255 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल एक्सप्रेस को भी इसी अवधि में दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है।
रेल प्रशासन ने यह सुविधा विशेष रूप से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर की है। ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को पुनपुन घाट पहुंचने और धार्मिक अनुष्ठान के बाद आगे की यात्रा करने में सहूलियत होगी। पितृ पक्ष के दौरान बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए इस व्यवस्था को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने गाड़ी संख्या 18030/18029 शालीमार-एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त एसी थ्री कोच लगाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 18030 में यह सुविधा 26 सितंबर से दो अक्टूबर और 18029 में 28 सितंबर से चार अक्टूबर तक रहेगी। इससे इस अवधि में यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटों का लाभ मिल सकेगा।