नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: अचानकमार टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। प्रबंधन बहुत जल्द एक नए भ्रमण मार्ग की सौगात देने जा रहा है। यह नया रूट लमनी रेंज में विकसित किया गया है। इस रेंज के केंवची में भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण भी कर लिया गया है। इसके अलावा मार्ग को सैर योग्य बना लिया गया है। प्रबंधन इस नए भ्रमण को मार्ग में एक नवंबर से सफारी शुरू करने की तैयारी में हैं।
पर्यटक इस नए मार्ग पर रोमांचकारी जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे। इससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
बात सैर की आती है तो पर्यटकों की जुबान पर सबसे पहला नाम अचानकमार टाइगर रिजर्व का आता है। टाइगर रिजर्व का जंगल बेहद घना व खूबसूरत है। इसके अलावा बाघ, तेंदूआ से लेकर अधिकांश वन्य प्राणियों यहां विचरण करते नजर आते हैं। यहां सर्वसुविधायुक्त बैगा रिसार्ट है, जहां पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था है। इसके अलावा सैर के लिए तीन मार्ग भी निर्धारित हैं। पर्यटकों को जिप्सी से इस मार्ग पर भ्रमण करना खूब भाता है। लेकिन, उनकी एक इच्छा नयापन की रहती है।
पर्यटक एक ही मार्ग पर सैर कर ऊब चुके हैं। हमेशा उनके बीच से इसको लेकर डिमांड भी आती रही है। पिछले साल रायपुर वन विभाग की बैठक में अचानकमार टाइगर रिजर्व को लेकर भी चर्चा हुई। जिसमें लमनी रेंज में नए भ्रमण रूट बनाने के निर्देश भी दिए गए। इस भ्रमण मार्ग का सबसे ज्यादा लाभ अमरकंटक की तरफ से आने वाले पर्यटकों को होगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में संपत्ति के लिए मृत बहन की पहचान अपनाई, भाई ने किया मामला, 35 साल बाद हुई अदालती लड़ाई खत्म
अभी बुकिंग के बाद उन्हें केंवची, लमनी, छपरवा, अचानकमार को पार करते हुए शिवतराई तक पहुंचना पड़ता है। यदि लमनी में नया भ्रमण मार्ग मिलता है, तो उन्हें शिवतराई तक आने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी।
रायपुर मुख्यालय से आदेश के बाद टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने इस नए भ्रमण मार्ग को चिंहित किया, उसके बाद इस सैर योग्य तैयार करने में जुटा। इसके साथ अचानकमार की तरह केंवची में प्रवेश द्वार बनाने का काम प्रारंभ हुआ। अब यह भी तैयार हो गया है। यह मार्ग आना-जाना मिलाकर 30 से 35 किलोमीटर का होगा।
यह होंगे नए भ्रमण मार्ग
- केंवची- भैरवसांग, रंजकी रूट, दरियाबूट-आमाडोब होते हुए वापस केंवची। - वर्तमान में इन मार्ग पर पर्यटक करते हैं भ्रमण
- अचानकमार-सरइपानी-साडापानी, मांझीडोंगरी-जल्दा-छपरवा, बिंदावल होते हुए शिवतराई।
- अचानकमार-पिपरहा-आमानाला-जल्दा-छपरवा-बिंदावल से वापसी।
- अचानकमार-सारसडोल-उदरसिया मोड-आमानाला-जल्दा, बिंदावल से वापस।
केंवची में उपलब्ध होगी जिप्सी
नया भ्रमण मार्ग केंवची से शुरू होगा। यहां गेट पर ही पर्यटकों को जिप्सी या महारानी गाड़ी उपलब्ध रहेगी। यहां एटीआर का बैरिकेडर है और यहां स्टाफ की ड्यूटी रहती है। पर्यटक अपने निजी वाहन को यहीं छोड़कर सैर की शुरुआत करेंगे। बुकिंग को लेकर दिक्कत इसलिए नहीं होगी, क्योंकि इस व्यवस्था को प्रबंधन ने आनलाइन कर दी है। जिस समय पर बुकिंग रहेगी, उसी के अनुरूप पर्यटकों के लिए व्यवस्था की जाएगी।
एक नवंबर से खुलेगा टाइगर रिजर्व बरसात के सीजन में अचानकमार टाइगर रिजर्व पर्यटकों की सैर के लिए चार महीने बंद रहता है। एक जुलाई से 31 अक्टूबर तक पर्यटकों के प्रवेश पर पाबंदी रहती है। हालांकि उनकी सुविधा के मद्देनजर रिसार्ट की बुकिंग पूरे समय चालू रहती है। एक नवंबर से एटीआर पर्यटकों के लिए खुल जाएगा। इस तिथि में नए मार्ग पर भी पर्यटकों के लिए सैर शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।
जानिए वाहन बुकिंग शुल्क
- जिप्सी - 3,500 रुपये।
- योद्धा वाहन- 5,500 रुपये।
- बस - 7,500 रुपये।