
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: गोरा बनने की चाहत में अगर आप बाजार से विदेशी या बिना जांच-परख के फेस क्रीम खरीद रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। पाकिस्तान में निर्मित गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम न केवल देश में पूरी तरह प्रतिबंधित और अनधिकृत हैं, बल्कि इनमें अत्यधिक मात्रा में हानिकारक हैवी मेटल्स (भारी धातुएं) पाए गए हैं, जो त्वचा के साथ-साथ पूरे शरीर पर जहरीला (टाक्सिक) असर डाल सकते हैं। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) द्वारा जारी पब्लिक हेल्थ अलर्ट के आधार पर गुरुवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों में स्थित कास्मेटिक दुकानों पर दबिश देकर सघन जांच की।
ड्रग विभाग की टीम में एडिशनल ड्रग कंट्रोलर भीष्म सिंह देव और डीआइ सुनील पंडा शामिल रहे। टीम ने गुरुवार को शहर के देवकीनंदन चौक और शनिचरी बाजार क्षेत्र की विभिन्न कास्मेटिक व फैंसी स्टोर्स का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम के अधिकारियों ने दुकानों में रखे सौंदर्य प्रसाधनों के स्टाक, उनके निर्माण स्थल, बैच नंबर और आयात पंजीयन की बारीकी से जांच की।
अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि पाकिस्तान में निर्मित गोरी और चांदनी फेस क्रीम भारत में बिक्री के लिए पंजीकृत नहीं हैं और ये पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं। इसलिए इसे बिलकुल भी न बेचे। आने वाले दिनों में टीम फिर जांच में निकलेगी, यदि इस दौरान किसी भी जगह में ये दोनों प्रतिबंधित पाकिस्तानी प्रतिबंधित क्रीम मिल जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बुआ की संपत्ति पर हक के लिए गोद लेने का दावा, कोर्ट ने कहा- रिकार्ड में नाम से मालिकाना हक नहीं मिलता
केंद्र सरकार ने जारी किया है पब्लिक हेल्थ अलर्ट
भारत सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के अंतर्गत केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के कास्मेटिक्स डिवीजन द्वारा इस संबंध में सार्वजनिक सूचना (पब्लिक नोटिस) जारी की गई है। भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआइ) डा़ राजीव सिंह रघुवंशी द्वारा जारी इस चेतावनी में स्पष्ट किया गया है कि जांच और विश्लेषण में ये दोनों पाकिस्तानी उत्पाद अनधिकृत पाए गए हैं। इनके आयात के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा कोई पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी नहीं किया गया है। नियमों के तहत किसी भी विदेशी कास्मेटिक उत्पाद को भारत में बेचने के लिए केंद्रीय लाइसेंसिंग प्राधिकरण से पंजीकरण अनिवार्य है।
क्या करे उपभोक्ता
गोरापन बढ़ाने का दावा करने वाली सस्ती और बिना पंजीकरण वाली क्रीम से बचें। खरीदने से पहले लेबल पर बनने वाली कंपनी, देश और लाइसेंस की जानकारी जरूर देखें। गोरी ब्यूटी क्रीम, चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम या इनसे मिलते-जुलते नाम वाले उत्पार न खरीदें और न ही उपयोग करें। अगर कहीं ऐसा उत्पाद बिकता दिखे तो इसकी सूचना खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को दे।
आयात पर है रोक
भारत ने दो मई 2025 से पाकिस्तान से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष किसी भी तरह के आयात पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद कई राज्यों में यह क्रीम चोरी-छिपे बिकती पाई गई है। इसी वजह से छत्तीसढ़ में भी जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में भी इसको लेकर सघन जांच ड्रग विभाग द्वारा किया जाएगा।
वर्जन
पाकिस्तान निर्मित जहरीली 'गोरी' और 'चांदनी' फेस क्रीम भारत में प्रतिबंधित है। इसमें अत्यधिक मात्रा में हानिकारक हैवी मेटल्स (भारी धातुएं) पाए गए हैं, जो त्वचा के साथ-साथ पूरे शरीर पर जहरीला (टाक्सिक) असर डाल सकते हैं और जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे में बाजार में जांच शुरू की गई। बेचते हुए पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भीष्म सिंह देव, एडिशनल ड्रग कंट्रोलर, ड्रग डिपार्टमेंट