नवरात्र में बिलासपुर का बदला ट्रैफिक रूट... तेलीपारा और गरबा पंडालों के लिए बनी खास पार्किंग, गाइडलाइन जारी
शारदीय नवरात्र के दौरान दुर्गा पंडालों, गरबा आयोजनों और मेलों में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने विशेष गाइडलाइन ज...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 13 Oct 2026 04:49:33 PM (IST)Updated Date: Tue, 13 Oct 2026 04:49:33 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र (एआइ निर्मित)HighLights
- नवरात्र भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने जारी किया प्लान।
- तेलीपारा और गरबा आयोजनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय।
- सिम्स अस्पताल जाने वाले मरीजों के लिए रास्तों को रखा सुगम।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: नवरात्र पर्व के दौरान दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया आयोजनों और रावण दहन कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जारी गाइडलाइन में श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि आयोजन स्थलों पर भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने पर शाम पांच बजे से रात 12 बजे तक जरूरत के मुताबिक मार्ग परिवर्तन और नो एंट्री लागू की जा सकती है। विशेष रूप से शहर के मध्य स्थित तेलीपारा दुर्गा दर्शन स्थल के आसपास यातायात नियंत्रित किया जाएगा। यहां दर्शनार्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहन चालकों के लिए पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं।
यातायात पुलिस आयोजन समितियों के साथ समन्वय कर पार्किंग, प्रवेश-निकास, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करा रही है। गरबा एवं डांडिया कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों से भी निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने कहा गया है। पुलिस ने सिम्स अस्पताल जाने वाले मरीजों और उनके स्वजन की सुविधा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
अस्पताल के आसपास अनधिकृत पार्किंग से बचने और उपचार के लिए आने वाले वाहनों का रास्ता खुला रखने पर जोर दिया गया है। एंबुलेंस और अन्य अत्यावश्यक सेवाओं के वाहनों को तत्काल रास्ता देने की अपील भी की गई है। पुलिस ने कहा है कि नागरिकों के सहयोग से ही पर्व के दौरान आवागमन सुगम और सुरक्षित रखा जा सकेगा।
तेलीपारा जाने वालों के लिए यहां रहेगी पार्किंग
तेलीपारा में मां दुर्गा के दर्शन के लिए आने वालों के लिए अलग-अलग दिशाओं में पार्किंग निर्धारित की गई है। सरकंडा की ओर से आने वाले वाहन न्यू रिवर व्यू पार्किंग में, शनिचरी मार्केट की ओर से आने वाले हैप्पी स्ट्रीट में तथा कोतवाली क्षेत्र से आने वाले मल्टी लेवल पार्किंग और लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में वाहन खड़े कर सकते हैं। नेहरू चौक और बृहस्पति बाजार की ओर से आने वालों के लिए वाजपेयी ग्राउंड निर्धारित है।
गरबा-डांडिया के आयोजन इन स्थानों पर
शहर और आसपास के क्षेत्रों में महाराणा चौक रिंग रोड नंबर दो स्थित फाउंडेशन क्रिकेट अकादमी, बोदरी, उसलापुर स्टेशन के पास अलका वेन्यू रायल पार्क, अशोक नगर और कपिल नगर सरकंडा, चौकसे कालेज मैदान, चाटीडीह चौक स्थित पुत्रीशाला सामुदायिक भवन, चकरभाठा के होटल सेंट्रल प्वाइंट, इमलीपारा रोड, व्यापार विहार की बड़ी पार्किंग, तिलक नगर और लाल बहादुर शास्त्री स्कूल सहित कई स्थानों पर गरबा-डांडिया कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सहभागियों से आयोजन स्थलों पर लगाए गए पार्किंग संकेतकों का पालन करने कहा गया है।
महामाया और भैरव बाबा दर्शन के लिए व्यवस्था
रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में दर्शन के लिए मंदिर के समीप तालाब किनारे वीआइपी पार्किंग तथा हेलीपैड परिसर के पास आम नागरिकों के लिए पार्किंग निर्धारित की गई है। भैरव बाबा मंदिर में दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग मंदिर से करीब 100 मीटर पहले रखी गई है। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थान पर वाहन खड़े करने और दर्शन के बाद व्यवस्थित तरीके से बाहर निकलने की अपील की है।