रतनपुर के महामाया मंदिर के पास चोरी के विवाद को लेकर भाजपा के दो पक्षों में मारपीट
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर के गेट के पास शनिवार दोपहर दुकान से सामान चोरी के पुराने विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े दो ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 24 Aug 2026 06:00:06 PM (IST)Updated Date: Mon, 24 Aug 2026 06:00:06 PM (IST)
मारपीट के वायरल वीडियो के कुछ दृश्यHighLights
- महामाया मंदिर गेट के पास जमकर हुआ बवाल।
- भाजपा से जुड़े दो पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप।
- मामला राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर गेट के पास शनिवार दोपहर दुकान से सामान चोरी के पुराने विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में शामिल लोग भाजपा से जुड़े हुए हैं और संगठन में पदाधिकारी हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक मंदिर रोड निवासी तुषार पटेल (34) प्रसाद व होटल का संचालन करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उनकी दुकान से सामान चोरी हुआ था, जिसकी सूचना उन्होंने थाने में दी थी। शनिवार को महामाया मंदिर गेट के पास उन्हें दुकान में काम करने वाला करिया उर्फ मनोज दिखाई दिया।
तुषार ने उसके संबंध में मोन्टी से पूछताछ की। आरोप है कि इसी दौरान करिया और मोन्टी ने तुषार से चोरी के संबंध में सवाल करते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद मोन्टी ने दुकान संचालक रेहाना बेगम को फोन कर बुलाया। तुषार का आरोप है कि करीब 2:30 बजे रेहाना वहां पहुंचीं और उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसके बाद रेहाना बेगम, भागवत उर्फ रिहान, शेरू और मोन्टी ने मिलकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बहन मेघा प्रधान और ईश्वर प्रधान के साथ भी मारपीट करने का आरोप है। घटना में तुषार के मुंह, पीठ, दाहिने हाथ की अंगुली और पैर में चोट आने तथा शर्ट फटने की बात शिकायत में कही गई है।
वहीं, दूसरे पक्ष की रेहाना बेगम (35) ने पुलिस को बताया कि वह महामाया मंदिर में फूल बेचने का काम करती हैं। उनके मुताबिक मोन्टी धीवर ने फोन कर बताया कि राजा पटेल विवाद कर रहे हैं। इसके बाद वह करीब 2:30 बजे दुकान पर पहुंचीं। रेहाना का आरोप है कि वहां राजा पटेल, मेघा पटेल, ईश्वर प्रधान और राजू शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए बाल पकड़कर मारपीट की। राजू शर्मा पर हाथ मरोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
बीच-बचाव करने पहुंचे मोन्टी और करिया के साथ भी मारपीट किए जाने की बात उन्होंने कही है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। मामले में दोनों पक्षों के भाजपा से जुड़े और पदाधिकारी होने के कारण राजनीतिक हलकों में भी चर्चा है।