बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
जोनल स्टेशन के बाइपास लाइन में रविवार की सुबह एक किमी के दायरे में दो जगह रेल फ्रैक्चर की घटना हुई। पहली फ्रैक्चर को कीमैन ने जिस समय देखा मालगाड़ी वहां से गुजरने वाली थी। कीमैन ने सतर्कता दिखाई और उस ओर आगे बढ़ा जिस तरह से मालगाड़ी आ रही थी। उसने चालक को लाल झंडी दिखाई। जिसे देखते ही चालक ने मालगाड़ी रोक दी। करीब आधे घंटे का ब्लॉक लेकर पटरी बदली गई। कुछ देर बाद इसी लाइन में दूसरी जगह फ्रैक्चर नजर आया। इसे भी उसी कीमैन ने देखा। इसे प्लेट लगाकर मजबूत किया गया।
पहली घटना सुबह सात बजे चुचुहियापारा ओवरब्रिज के करीब की है। कीमैन सुखदेव सिंह इस लाइन की जांच कर रहा था। तभी उसकी नजर रेल फ्रैक्चर पर पड़ी। तभी चांपा की ओर से आ रही मालगाड़ी भी दिखाई दी। कीमैन ने सबसे पहले मालगाड़ी रोकने का प्रयास किया। वह इसमें सफल भी रहा। इसके बाद अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सभी मौके पर पहुंचे। फ्रैक्चर वाले स्थान पर पटरी जर्जर थी। उस स्थिति में मालगाड़ी नहीं गुजर सकती थी। इसलिए मालगाड़ी को रोक दिया गया और पटरी बदलने का निर्णय लिया गया। करीब आधे घंटे के भीतर पटरियां बदल दी गई। इसके मालगाड़ी को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद कीमैन फिर से अपनी ड्यूटी में लग गया। सुबह 9.30 बजे के करीब वह गजरा चौक के करीब पहुंचा था। तभी उसे दोबारा फ्रैक्चर नजर आया। चूंकि इसकी जानकारी आरआरआइ केबिन को थी। इसलिए उन्होंने ट्रेनों को पहले ही नियंत्रित कर लिया। इस दौरान फ्रैक्चर वाले स्थान पर प्लेट बांधा गया।