
बिलासपुर (निप्र)। पेंड्रीडीह चौक में ट्रक खड़े कर सो रहे चालक से लुटेरे पिटाई कर 35 हजार रुपए लूट कर फरार हो गए। रिपोर्ट पर हिर्री पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्घ कर मामले को विवेचना में लिया है।
यूपी के नुनैरा गाजियाबाद निवासी आशीष यादव पिता जमुना यादव (37) ट्रक चालक है। शुक्रवार रात वह भिलाई से यूपी जाने के लिए निकला था। रात 3.30 बजे ट्रक को पेंड्रीडीह बाइपास चौक में खड़े कर ट्रक के अंदर ही सो गया। वह गहरी नींद में था, उसी समय तीन चार युवक आए। युवकों ने उठाकर उससे जेब में रखी नगद रकम को लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर जेब में रखे 35 हजार रुपए लूट कर युवक फरार हो गए। सुबह चालक ने वारदात की हिर्री थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 282, 34 के तहत अपराध पंजीबद्घ किया है। उल्लेखनीय है कि पेंड्रीडीह मार्ग में ट्रक चालक रात को सुरक्षित नहीं है। इस क्षेत्र से पूर्व में भी कई ट्रक लूटने, चोरी करने की घटना हुई है। कुछ मामले में चालक की हत्या भी की गई है। पुलिस हाईवे के लुटेरों को पकड़ने में असफल है।