छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जमकर बारिश, स्टेशन पर रेलवे ट्रैक डूबा; सड़कों सहित कई इलाकों में घरों में भी भरा पानी
जलमग्न हुई न्यायधानी: बिलासपुर में भारी बारिश से खुली निगम की पोल, सड़कों पर कमर तक भरा पानी, कॉलोनियां बनीं तालाब, स्कूल बंद, लोगों ने सोशल मीडिया पर...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 17 Jul 2026 11:08:08 AM (IST)Updated Date: Fri, 17 Jul 2026 11:42:38 AM (IST)
शहीद भगत सिंह गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल बिलासपुर, बिलासपुर रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म नंबर एक और दो पूरी तरह जलमग्न हो गया है।HighLights
- बिलासपुर हुआ लबालब, खुली प्रशासन की पोल; स्कूलों में भरा पानी, कलेक्टर ने घोषित की छुट्टी
- सड़कों पर कमर तक पानी, बस्तियां बनीं तालाब; सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाकर नावें मांग रहे लोग
- व्हाट्सएप और फेसबुक पर रील-वीडियो की बाढ़, लोगों ने स्टेटस लगाकर कसा तंज
बिलासपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि): न्यायधानी बिलासपुर और इसके आसपास के इलाकों में 16 की रात से हो रही रिकॉर्ड तोड़ मूसलाधार बारिश ने नगर पालिक निगम के मानसून पूर्व तैयारियों के बड़े-बड़े दावों की हवा निकाल दी है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शहर के तमाम रिहायशी इलाके, पॉश कॉलोनियां और मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। कई सरकारी व निजी स्कूलों के कमरों और खेल मैदानों में घुटनों से ऊपर तक पानी भर जाने के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से त्वरित आदेश जारी कर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
फिलहाल मौसम विभाग ने बिलासपुर के लिए अलर्ट जारी रखा है, जिससे आने वाले घंटों में स्थिति और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन
कमर भर पानी में पैदल चलने को मजबूर
कुदुदंड, व्यापार विहार, सरकंडा, मंगला, तारबहार और कस्तूरबा नगर जैसे मुख्य रिहायशी इलाकों में पानी लोगों के घरों के भीतर तक घुस गया है। सड़कों पर कमर तक पानी जमा होने के कारण वाहन पूरी तरह बंद पड़ गए हैं, और लोग जान जोखिम में डालकर कमर भर पानी में पैदल चलने को मजबूर हैं। हालात इस कदर बेकाबू हो चुके हैं कि कई निचली बस्तियों के लोग अब छतों पर शरण लिए हुए हैं और प्रशासन से सुरक्षित बाहर निकलने के लिए नावों की मांग कर रहे हैं।
लोगों ने स्टेटस लगाकर कसा तंज
व्हाट्सएप और फेसबुक पर रील-वीडियो की बाढ़, लोगों ने स्टेटस लगाकर कसा तंज प्रशासनिक निष्क्रियता और नगर निगम के खिलाफ बिलासपुर की जनता का गुस्सा अब सोशल मीडिया पर फूट पड़ा है। सुबह से ही बिलासपुर के व्हाट्सएप ग्रुप्स, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर जलभराव के रील, फोटो और वीडियो की जैसे बाढ़ आ गई है।
बिलासपुर में आपका स्वागत है
लोग अपने-अपने इलाकों में कमर तक भरे पानी के बीच खड़े होकर व्यंग्यात्मक वीडियो बना रहे हैं। कई नागरिकों ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर 'बिलासपुर में आपका स्वागत है, कृपया अपनी नाव साथ लाएं" लिखकर स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की तैयारियों की जमकर पोल खोली है।