
बिलासपुर(निप्र)। इस गर्मी में स्टेशन के किसी भी स्टॉल में पानी की बोतल प्रिंट रेट से अधिक में नहीं बिकेगी। यात्रियों की इस गंभीर शिकायत को लेकर रेल प्रशासन ने सख्ती बरती है। स्टॉल संचालकों को निर्देश जारी हुआ है, जिसमें स्टॉल के सामने अलग से पानी की बोतल का रेट लिखा हुआ बोर्ड टांगना होगा। इससे यात्रियों को सही रेट की जानकारी मिलेगी। यदि कोई स्टॉल कर्मचारी निर्धारित रेट से एक अधिक वसूल करता है तो उसकी तत्काल शिकायत भी की जा सकती है। रेल प्रशासन इस मामले में त्वरित कार्रवाई करेगा।
रेलवे स्टेशन के स्टॉलों में पानी बोतल की कीमत 15 रुपए तय है। बोतल में भी यही रेट प्रिंट रहता है, लेकिन स्टॉल कर्मचारी यात्रियों की हड़बड़ी का फायदा उठाकर इसे मनमाने दाम पर बेचते हैं। कुछ यात्रियों ने जब स्टॉल कर्मचारियों की इस अवैध वसूली का विरोध किया तो उन्हें यह कह दिया गया कि अतिरिक्त 5 रुपए ठंडा पानी उपलब्ध कराने का लिया जा रहा है। फ्रिज में ठंडा करने पर बिजली की खपत होती है, जबकि कर्मचारियों का यह जवाब न केवल गलत है, बल्कि रेलवे के नियमों का उल्लंघन है। ठेके के दौरान उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी जाती है कि यात्रियों को अच्छी क्वालिटी और बेहतर सामग्री ही परोसना है और कोई भी सामान प्रिंट से अधिक रेट में नहीं बेचना है। एक लापरवाही भी यह होती है कि स्टॉल के बाहर जो सामग्री की कीमत लिखी होती है उसके ऊपर का हिस्सा बारीक शब्दों लिखा जाता है, जिसके कारण यात्रियों की नजर सही रेट पर नहीं पड़ती है। यात्रियों की शिकायतों पर पर रेल प्रशासन द्वारा निर्देश भी दिए गए। लेकिन इसके बाद स्टॉल कर्मचारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे। पानी बोतल प्रिंट रेट से अधिक में बेचने की ज्यादातर शिकायतें गर्मी के मौसम में रहती है। इसलिए प्रशासन ने सीजन शुरू होने से पहले सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। रेल मंडल के सभी स्टॉल संचालकों को एक निर्देश जारी किया गया है, जिसमें पानी की बोतल का रेट अलग से बड़े अक्षरों में बोर्ड में लगाना है। बोर्ड स्टॉल के सामने, जहां से यात्री खरीदी करते हैं वह टांगना है, ताकि यात्रियों की नजर सबसे पहले बोर्ड पर पड़े और वहीं निर्धारित रेट में पानी की बोतल की खरीदी कर सकें। इस इंतजाम के बाद भी यदि स्टॉल कर्मचारियों द्वारा अवैध वसूली का प्रयास किया गया तो यात्री सीधे जनशिकायत सेल में अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। स्टॉल संचालक के खिलाफ अविलंब कार्रवाई होगी।
ठंडा पानी उपलब्ध करना जिम्मेदारी
रेल प्रशासन का मानना है कि ठंडा पानी उपलब्ध कराने की आड़ में प्रिंट रेट से अधिक लेना पूरी तरह गलत है। ऐसा करने वे यात्रियों को धोखा देते हैं। स्टेशन में खानपान की अच्छी क्वालिटी परोसना ही उनकी अहम जिम्मेदारी है।
गर्मी का मौसम शुरू होने वाला है। इस मौसम में यात्रियों की ज्यादातर शिकायतें पानी की बोतल को लेकर रहती है। उन्हें स्टॉल के कर्मचारी प्रिंट रेट से अधिक में बिक्री कर देते हैं। अब ऐसा नहीं होगा। समय से पहले सख्ती बरती जा रही है। संचालकों को पानी बोतल के रेट का बोर्ड अलग से लगाने के निर्देश दिए गए हैं और इस तरह की शिकायतें न आए इसका विशेष ध्यान रखने के लिए कहा गया है।
रविश कुमार सिंह, डीसीएम को-आर्डिनेशन बिलासपुर रेल मंडल