
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन में यात्रियों को सस्ती दर पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए स्थापित ऑटोमैटिक वाटर वेंडिंग मशीन व्यवस्था का संचालन नियमों के अनुरूप नहीं हो रहा है। मशीन का संचालन करने वाले लाइसेंसी ने बूथ के तीनों ओर सूचना चस्पा कर रखी है कि उसके पास 300 एमएल, 500 एमएल, एक लीटर, दो लीटर और पांच लीटर क्षमता की पानी की बोतलें उपलब्ध हैं। सभी बोतलों की कीमत भी निर्धारित कर प्रदर्शित की गई है, लेकिन वास्तविकता में केवल एक लीटर की बोतल ही उपलब्ध कराई जा रही है। अन्य आकार की बोतलें यात्रियों को नहीं मिल पा रही हैं।
रेलवे की यह व्यवस्था यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण और सुविधाजनक मानी जाती है। स्टेशन पर प्यास बुझाने के लिए यात्रियों के पास तीन प्रमुख विकल्प हैं। पहला प्लेटफार्मों पर स्थापित वाटर बूथ, दूसरा स्टालों पर बिकने वाला रेलनीर और तीसरा आटोमैटिक वाटर वेंडिंग मशीन। इनमें वेंडिंग मशीन की व्यवस्था यात्रियों के लिए सबसे किफायती और सुविधाजनक मानी जाती है। इसका सबसे बड़ा लाभ यह है कि यात्री अपने घर से लाई गई खाली बोतलों में निर्धारित शुल्क देकर पानी भर सकते हैं। वहीं जिनके पास बोतल नहीं होती, वे बूथ से निर्धारित कीमत पर खाली बोतल खरीदकर उसमें पानी भरकर खरीद सकते हैं।
दोनों सेवाओं के लिए रेलवे द्वारा अलग-अलग दरें तय की गई हैं। इसके बावजूद लाइसेंसी द्वारा सभी निर्धारित आकार की बोतलों की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की जा रही है। यात्रियों का कहना है कि कम दूरी की यात्रा करने वाले लोग अक्सर 300 एमएल या 500 एमएल की बोतल खरीदना चाहते हैं, जबकि परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों को दो या पांच लीटर की बोतलों की आवश्यकता होती है। लेकिन विकल्पों की जानकारी प्रदर्शित होने के बावजूद उन्हें केवल एक लीटर की बोतल ही उपलब्ध कराई जाती है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर केंद्रीय जेल बना 'नो-फ्लाई जोन', 500 मीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाया तो होगी कार्रवाई
शुरुआत से केवल एक आकार की बोतल
यात्रियों का कहना है कि लंबे समय से यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन रेलवे प्रशासन ने अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है। इसी के चलते लाइसेंसी मनमानी कर रहा है। यदि सूचना बोर्ड पर पांच प्रकार की बोतलों की उपलब्धता दर्शाई जा रही है तो सभी आकार की बोतलें भी उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने रेलवे प्रशासन से इस मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा यात्रियों को निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।