बिलासपुर। Weather in Bilaspur: रिमझिम बारिश के बीच बिलासपुर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। पेंड्रारोड में लगभग एक समान स्थिति है। तापमान में गिरावट के कारण वातावरण में ठंडक महसूस होने लगी है। गुरुवार सुबह से आसमाप में बादल हैं। रुक-रुककर रिमझिम तो कहीं तेज बारिश जारी है। मौसम विभाग की मानें तो तापमान में अभी और गिरावट आएगी।
जून के दूसरे सप्ताह से मौसम में परिवर्तन हुआ है। जिसके कारण बारिश का सिलसिला अभी जारी है। आंकड़ों की मानें तो 24 दिनों के भीतर अब तक 205 मिलीमीटर से अधिक बारिश रिकार्ड किया जा चुका है। वर्ष 2020 में जून महीने में 240 मिलीमीटर बारिश दर्ज है। यह रिकार्ड इस साल टूट सकता है। लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक बिलासपुर जिले में आज बारिश की पूरी संभावना है।
दरअसल एक द्रोणिका दक्षिण पश्चिम बिहार से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण पश्चिम बिहार और उससे लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर उत्तर पंजाब से हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है।
इसके प्रभाव से प्रदेश में आज कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने व आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से बिलासपुर व सरगुजा संभाग रहने की संभावना है। फिलहाल बिलासपुर का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस है।