
बिलासपुर(निप्र)। जोनल स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को नवंबर माह में वाई- फाई की सुविधा मिलने लगेगी। भारतीय रेलवे के अन्य ए-1 स्टेशनों में यह सुविधा शुरू होगी।
ट्रेनों व स्टेशनों में निःशुल्क वाई- फाई सुविधा देने की घोषणा 2014 के रेल बजट में हुआ था। इस सुविधा के अस्तित्व में आने का बेस्रबी से इंतजार भी हो रहा है। अब यात्रियों को ज्यादा इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है। क्योंकि दिसंबर 2014 में ही नईदिल्ली रेलवे स्टेशन में इस सुविधा का शुभारंभ करते हुए रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने यह भी घोषणा कर दी थी कि अगले 12 महीनों के भीतर देश के सभी 75 ए-1 स्टेशनों में यात्रियों की वाई - फाई सुविधा मिलने लगेगी। भारतीय रेलवे पर वाई- फाई परियोजना का कार्यन्वयन रेल मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम रेल टेल द्वारा किया जा रहा है। रेल टेल ने लक्ष्य के मुताबिक सुविधा शुरू करने की कवायद भी तेज कर दी गई है। ए-1 के बाद ए श्रेणी के स्टेशनों में यात्रियों को वाई- फाई सुविधा मिलेगी। रेल मंत्रालय ने सुविधा का उपयोग व विधि आदि भी निर्धारित कर दिया है। इसके तहत शुरू के 30 मिनटों में यात्रियों के मोबाइल फोन पर वाई- फाई सुविधा निःशुल्क उपलब्ध होगी। 30 मिनट से अधिक इस्तेमाल करने पर स्क्रेच कार्ड खरीदना होगा। इन स्क्रेच कार्डों की कीमत 30 मिनट के लिए 25 रुपए तथा एक घंटे के लिए 35 रुपए लगेगा। इनकी वैधता 24 घंटे की होगी। क्रेडिट कार्ड / डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर अतिरिक्त ब्राउजिंग समय ऑनलाइन खरीदी जा सकती है। जिन स्टेशनों में यह सुविधा प्रारंभ हो गई, वहां इसे बेहतर रिस्पांस भी मिल रहा है। माना जा रहा है बिलासपुर जोनल स्टेशन में भी यात्री इसका इस्तेमाल करेंगे।