
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बातचीत बंद करने से नाराज युवक ने आंगनबाड़ी सहायिका के साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि युवक ने रास्ते में रोककर अश्लील गाली-गलौज की और पास में पड़े लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में उसके हाथ की अंगुली, मुंह, गला, गाल और बाईं जांघ में चोट आई है। उसने युवक पर अपने और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
ग्राम बेलतरा निवासी संतोषी सोनवानी ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले उसका परिचय बरभाठा निवासी जय किशन मानिकपुरी से हुआ था। इसके बाद दोनों मोबाइल पर सामान्य बातचीत करते थे। महिला के अनुसार, बहनों के समझाने पर उसने करीब दो महीने पहले जय किशन से बातचीत बंद कर दी थी।
शिकायत के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे संतोषी जय किशन के घर के पास से आंगनबाड़ी जा रही थी। इसी दौरान जय किशन उसके पास आया और बातचीत बंद करने का कारण पूछते हुए विवाद करने लगा। महिला ने मना किया तो आरोप है कि उसने पास में पड़ा लकड़ी का डंडा उठाकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही उसे और उसके परिवार को जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी।
संतोषी के अनुसार, घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। घर पहुंचकर उसने अपनी बहनों सत्यवती सोनवानी और शांति सोनवानी को घटना की जानकारी दी और चोटें दिखाईं। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
आंगनबाड़ी जाते समय घेरा: 30 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब दो बजे संतोषी अपनी ड्यूटी के लिए जय किशन के घर के पास से होकर आंगनबाड़ी जा रही थी। तभी जय किशन ने उसे रास्ते में रोक लिया और बात न करने की वजह पूछते हुए विवाद करने लगा।
निर्दयता से की मारपीट: महिला द्वारा बात करने से मना करने पर आरोपी ने आपा खो दिया। उसने पास में पड़ा लकड़ी का डंडा उठाकर महिला से अश्लील गाली-गलौज की और दनादन वार कर दिए।
दी जान से मारने की धमकी: मारपीट के दौरान महिला के हाथ की अंगुली, चेहरे, गले और बाईं जांघ में चोटें आईं। आरोपी ने महिला को चेतावनी दी कि यदि उसने पुलिस या किसी से शिकायत की तो वह उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारकर फेंक देगा।