सालभर मेंटेनेंस, फिर भी बारिश ने रोकी रफ्तार! बिलासपुर में सात से नौ घंटे देरी से चलीं ट्रेनें, पुणे-हावड़ा के मध्य चलेगी स्पेशल ट्रेन
बारिश में फिर फेल हुआ रेलवे का मेंटेनेंस: बिलासपुर में आजाद हिंद 9 और उत्कल 7 घंटे लेट; स्टेशन का शेड टपका
Publish Date: Fri, 24 Jul 2026 08:05:48 AM (IST)Updated Date: Fri, 24 Jul 2026 08:11:32 AM (IST)
HighLights
- "सालभर मेंटेनेंस के नाम पर औपचारिकता": यात्रियों ने दागे तीखे सवाल
- स्टेशन परिसर में पसरी अव्यवस्था: भीगी कुर्सियां, प्रतीक्षालय में जगह नहीं
- रेलवे की राहत: आज रात पुणे से हावड़ा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन 01489
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: लगातार हो रही वर्षा का असर अब ट्रेनों के परिचालन पर पड़ने लगा है। गुरुवार को भी बिलासपुर आने वाली और यहां से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। कहीं ट्रैक पर जलभराव है तो कहीं मरम्मत का काम जारी है। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है, जो घंटों स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने को विवश हैं। जिन ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ा, उनमें रायगढ़ मेमू के अलावा अन्य ट्रेनें शामिल है।
यह ट्रेन दो घंटे देर से चल रही है। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 1:50 घंटे, हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस ढाई घंटे और हावड़ा-दुरंतो एक्सप्रेस 4:45 घंटे की देरी से चल रही है। वहीं योग नगरी–पुरी उत्कल एक्सप्रेस 7:12 घंटे, पुरी–योग नगरी उत्कल एक्सप्रेस ढाई घंटे, हावड़ा–आजाद हिंद एक्सप्रेस नौ घंटे और आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस करीब डेढ घंटे विलंब से चल रही है। इतना ही नहीं टाटा–इतवारी एक्सप्रेस भी ढाई घंटे की देरी से चल रही है। इधर ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशान यात्री कभी स्टेशन मास्टर तो कभी इंक्वायरी पहुंचकर ट्रेन के आगमन समय की जानकारी ले रहे हैं।
अभी तो वर्षा और मरम्मत कार्य को देरी की वजह बताई जा रही है, जबकि सालभर से ट्रेनों की चाल इसी तरह बिगड़ी है। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि ट्रैक में जलभराव के लिए भी रेलवे जिम्मेदार है। सालभर मरम्मत कार्य का हवाला देकर ट्रेनों को देर से चलाई जाती है। इतने बड़े पैमाने पर मरम्मत कार्य चलने के बाद भी तेज वर्षा में परिचालन प्रभावित हो रहा है, जिससे साफ जाहिर है कि सालभर रेलवे केवल मरम्मत की औपचारिकता ही पूरी करती है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर सिरगिट्टी में बड़ी कार्रवाई: मुक्तिधाम चौक के पास संचालित ओयो होटल सील, चल रही थीं संदिग्ध गतिविधियां
स्टेशन में बढ़ी भीड़
स्टेशन में अव्यवस्था स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है और लोग लंबे समय तक इंतजार करने परेशान हैं। स्टेशन में कई जगहो से शेड लीकेज है , इसी कारण प्लेटफार्म पर पानी मे टपकता है। बरसात के।पानी से कुर्सी, चबूतरे सभी गीले हो गए। ऐसे में यात्रियों के लिए बैठने तक कि जगह नहीं है। यात्री प्रतीक्षालय में भी एक निर्धारित संख्या में ही यात्री आ सकते हैं।
पुणे-हावड़ा के मध्य चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने पुणे-हावड़ा के मध्य एक तरफा एक फेरे के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 01489 नंबर के साथ पुणे-हावड़ा स्पेशल ट्रेन पुणे से 24 जुलाई को 20:50 बजे रवाना होगी और दौंडकार्ड लाइन, अहिल्यानगर, मनमाड, भुसावल, अकोला, बडनेरा स्टेशन में ठहरते हुए नागपुर 13:00 बजे पहुंचेगी। गोंदिया 15:10 बजे, दुर्ग 17:10 बजे, रायपुर 18:05 बजे और बिलासपुर 20:10 बजे पहुंचेगी। रायगढ़, झारसुगुड़ा में भी ठहराव दिया गया। यह ट्रेन तीसरे दिन दोपहर 13.00 बजे हावड़ा स्टेशन पहुंचेगी।