
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: जिले के मस्तूरी ब्लॉक अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोहर्सी (सोन) में पदस्थ एक लेक्चरर द्वारा संस्था के प्रिंसिपल के साथ सार्वजनिक रूप से अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए अन्य शिक्षकों और वीडियो बना रहे संकुल समन्वयक के साथ भी हाथापाई व कॉलर पकड़ने का आरोप है। घटना से सहमे प्रिंसिपल ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बिलासपुर, बीईओ मस्तूरी और पचपेड़ी थाना पुलिस से करते हुए कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह लगभग 10:30 बजे प्रार्थना के ठीक बाद की है। आरोप है कि लेक्चरर सानुज राम सोनी ने उपस्थिति रजिस्टर पर दस्तखत करने के बाद पुरानी आकस्मिक छुट्टी (CL) को बदलकर गुरुवार की सीएल दर्ज करने का अनुचित दबाव बनाया। जब प्रिंसिपल ने नियमों का हवाला देते हुए इससे इंकार किया, तो लेक्चरर आपा खो बैठे और पूरे स्टाफ के सामने प्रिंसिपल को गंदी-गंदी गालियां देते हुए धमकी दी कि "तू मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता, मैं तुझे प्रिंसिपल नहीं मानता।
विवाद बढ़ता देख जब संकुल समन्वयक ने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोपी लेक्चरर ने उनका कॉलर पकड़ लिया और 'गांव वाले हो, देख लूंगा' कहकर हाथापाई पर उतारू हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। पीड़ित प्रिंसिपल ने पुलिस व विभागीय अधिकारियों को दी गई अपनी शिकायत में भविष्य में अपने साथ किसी अप्रिय शारीरिक हमले की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस व शिक्षा विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
प्रार्थना के बाद बवाल: गुरुवार सुबह 10:30 बजे प्रार्थना के तुरंत बाद लेक्चरर सानुज राम सोनी ने उपस्थिति रजिस्टर पर अनुचित बदलाव का दबाव बनाया।
प्रिंसिपल से गाली-गलौज: बात न मानने पर आरोपी ने पूरे स्टाफ के सामने प्रिंसिपल को गालियां दीं और पद को मानने से इंकार कर दिया।
समन्वयक से हाथापाई: वीडियो रिकॉर्ड कर रहे संकुल समन्वयक का कॉलर पकड़कर 'देख लेने' की धमकी दी गई।
थाने व डीईओ में गुहार: प्रिंसिपल ने भविष्य में सुरक्षा का खतरा जताते हुए डीईओ, बीईओ और पचपेड़ी थाने में एफआईआर हेतु आवेदन दिया।