
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र के बोदरी में दाधापारा रेलवे फाटक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में वाहन का पहिया युवक के सिर और शरीर के बाएं हिस्से पर चढ़ गया, जिससे उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। मृतक की पहचान उसके हाथ पर बने टैटू और पहनावे के आधार पर हुई।
बिल्हा क्षेत्र के ग्राम डडहा निवासी रामकुमार धुरी खेती-मजदूरी करते हैं। तीन नवंबर की रात करीब आठ बजे वे अपनी मोटरसाइकिल से दाधापारा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इस दौरान बोदरी में दाधापारा रेलवे फाटक से पहले सड़क किनारे एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया।
पास जाकर देखने पर पता चला कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया है। वाहन का पहिया उसके सिर और शरीर के बाएं हिस्से पर चढ़ गया था। इसी दौरान ग्राम डडहा निवासी अजय धुरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के हाथ पर बने टैटू और पहनावे के आधार पर उसकी पहचान विजय धुरी (33) पिता सहदेव धुरी निवासी ग्राम डडहा के रूप में की।
घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। इसके बाद रामकुमार और अजय धुरी थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। बुधवार को स्वजन की मौजूदगी में शव का पंचानामा कराने के बाद पीएम कराया गया। पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है।