_202631_162517_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार में रहने वाली युवती तीन दिन पहले धनगंवा में रहने वाले अपने प्रेमी के घर चली गई। वहां दो दिन रहने के बाद युवती की लाश कमरे के रोशनदान में फांसी पर लटकी मिली। इसकी सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया। युवती के स्वजन का बयान लेकर पुलिस ने युवती के प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। अब आरोपित की तलाश की जा रही है।
मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार में रहने वाली मल्लिका कुर्रे की शुक्रवार की सुबह धनगंवा में रहने वाले राजू लहरिया के घर फांसी पर लटकी मिली थी। पूछताछ में पता चला कि युवती मंगलवार को मेला देखने जाने के नाम पर घर से निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी।
इसके कुछ देर बाद राजू लहरिया ने उसके परिवार वालों को कॉल किया। उसने बताया कि मल्लिका उसके घर पर आ गई है। उसने युवती के परिवार वालों को घर लेकर जाने के लिए कहा। युवती के घरवालों इनकार कर दिया। इसके बाद राजू ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। तब पुलिस ने भी उसे समझाइश दी थी। जब युवती नहीं मानी तब पुलिस लौट आई।
गुरुवार की रात राजू और उसके परिवार वाले भोजन के बाद सोने चले गए। शुक्रवार की सुबह मल्लिका की लाश मिलने के बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया। तब स्वजन ने राजू की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में लव-जिहाद: राजा अंसारी ने राजा महंत बनकर किया दैहिक शोषण, आरोपी को उम्रकैद
रात को स्वजन ने मल्हार चौकी के सामने जमकर हंगामा किया। अधिकारियों की समझाइश के बाद भी स्वजन वहां से हटने तैयार नहीं हुए। शनिवार की सुबह अधिकारियों की समझाइश पर स्वजन शांत हुए। शनिवार को युवती का अंतिम संस्कार किया गया।