
दंतेवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के बच्चों का आव्हान किया है कि वे जीवन में कुछ बनने के नहीं बल्कि कुछ करने के सपने देखें।
नक्सल हिंसा पीड़ित आदिवासी बहुल दक्षिण बस्तर जिले के मुख्यालय दंतेवाड़ा के के पास ग्राम जावंगा स्थित एजुकेशन सिटी परिसर के ऑडिटोरियम में छात्र-छात्राओं से बातचीत करते हुए मोदी ने बच्चों के कई अनूठे सवालों के जवाब भी दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी मौजूद थे।
श्री मोदी ने कहा कि जीवन में कुछ बनने के लिए हर किसी का अपना एक लक्ष्य निर्धारित होना चाहिए। मुझे जीवन में कई बार विफलताओं का सामना करना पड़ा। मैं अपनी सफलताओं को गिनता नहीं, बल्कि विफलताओं से सीखता हूूं। उन्होंने कहा कि जीवन में सबसे बड़ा आनंद बचपन का होता है।बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी दिलचस्पी लें।
प्रधानमंत्री ने बच्चों को पड़ोसी राज्य झारखंड की उन बालिकाओं का भी उदाहरण दिया, जिन्होंने साधन विहीनता के बावजूद खेलों में अपना और देश का नाम रोशन किया।
प्रधानमंत्री ने बच्चों से मन की बात साझा करते हुए इस परिसर की भी काफी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आदिवासियों की भूमि में शिक्षा का यह बड़ा परिसर दुनिया में इस अंचल का नाम रौशन करेगा। मोदी से मॉडल स्कूल जावंगा की शशि कश्यप ने पूछा कि प्रत्येक विद्यार्थी के शैक्षणिक जीवन में कई अविस्मरणीय घटनाएं होती है, आप अपने जीवन से संबंधित ऐसी कोई घटना बताइएं, जिससे आपको प्रेरणा मिली हो।
श्री मोदी ने कहा कि बहुत बार खुद की घटनाओं से ज्यादा औरों की घटनाओं से प्रेरणा मिलती है। उन्होंने बच्चों को पाठ्यक्रम की किताबों के अलावा अन्य प्रेेरणादायक किताबों को भी पढ़ने को कहा। श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने पॉलीएना पुस्तक पढ़ी थी। इसे सभी बच्चे जरूर पढ़े। कोई घटना किसी के लिए दुख का कारण होती है तो किसी के लिए प्रेरणा। हमारे देखने का नजरिया कैसा है, उस आधार पर प्रेरणा बनती है। श्री मोदी ने कहा कि स्कूल की लायब्रेरी में भी इस पुस्तक को रखा जाए।
आस्था विद्या मंदिर जावंगा की हर्षिता नाग ने प्रधानमंत्री से पूछा कि आप दिन में 18 घंटे काम करते है, इतने परिश्रम के बीच यदि आपको तनाव महसूस होता है, तो आप उसका सामना कैसे करते है ? श्री मोदी ने जबाव में कहा कि काम करने पर थकान नही होती है, बल्कि काम नहीं करने पर थकान होती है।
सक्षम विद्यालय जांवगा के किशन कुमार मण्डावी ने प्रश्न किया कि उनके जीवन की सबसे बड़ी सफलता और उसका श्रेय किसे मानते है । इस पर मोदी ने कहा कि वह जीवन को सफलता और असफलता के तराजू में नहीं तौलते। लेकिन विफलता से बहुत कुछ सीखा जा सकता है।
कस्तूरबा गांधी जावंगा की निलेश्वरी कश्यप ने पूछा कि आप राजनीति में नही होते तो क्या होते ? श्री मोदी ने जवाब दिया कि जीवन में सबसे बड़ा आनंद बालक बने रहने का है और जब बड़े होते है तो बचपन छूटने का दुख होता है। ईश्वर यदि पूछे तो मैं जिन्दगीभर बालक बना रहना चाहूंगा।
छू-लो आसमान कारली की सपना सरकार ने पूछा कि आप जिन्दगी में कई कठिनाईयों का सामना करते हुए यहां तक पहुंचे है। क्या आप हमें अपनी सफलता का राज बताएंगे ? इस पर श्री मोदी ने कहा कि जीवन में कुछ बनने के लिए हर किसी का अपना एक लक्ष्य निर्धारित होना चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हम नरेन्द्र मोदी भी जीवन में संघर्ष कर आज इस ऊचाईयों तक पहुंचे हैं। अंत में प्रधानमंत्री बच्चों के बीच पहुंचे और उनसे कहा कि वो उनको चिट्ठी लिखेंगे क्या, इस पर बच्चों ने कहा कि जरूर लिखेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्य सचिव विवक ढांड, पुलिस महानिदेशक ए.एन.उपाध्याय, शिक्षा सचिव श्री सुब्रत साहू, कलेक्टर दंतेवाड़ा के.सी. देवसेनापति 16 विद्यालयों के 700 छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
राज्य शासन द्वारा शिक्षा के आधुनिक संसाधनों से परिपूर्ण यह परिसर बस्तर इलाके के नक्सल पीड़ित परिवारों के बच्चों के लिए विकसित किया गया है, जहां कक्षा पहली से लेकर कक्षा बारहवीं और उसके बाद तकनीकी शिक्षा की पढ़ाई की सुविधाएं दी जा रही हैं। परिसर में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और पॉलीटेक्निक भी खोला गया है।