
दंतेवाड़ा (ब्यूरो)। जैसे -जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है साथ ही भू-जल स्तर भी तेजी से नीचे जा रहा है। इसके चलते नगर से लगे दर्जनों गांवों के अधिकांश हैण्डपंप जवाब देने लगे हैं। बस्ती के जिस हैण्डपंप से पर्याप्त पानी मिल रहा है। वहां सुबह से ही ग्रामीणों की कतार लगने लगी है।
जिला मुख्यालय से लगे टेकनार, गुमड़ा ,हाऊरनार, बालूद, मटेनार, गदापाल, कुम्हाररास, पातररास, चितालंका, कारली, चितालूर, पोन्दुम, चंदेनार, मरकानार, कुंदेली, गंजेनार आदि गांवों के अधिकांश हैण्डपंप जवाब दे चुके हैं। बस्ती के जिस हैण्डपंप में पर्याप्त पानी आ रहा है वहां से पानी लेने के लिए दूर बस्ती के लोग पहुंच रहे हैं। महिलाएं कतारबद्घ होकर पानी ले रहीं हैं। राऊतपारा बालूद के सदाराम यादव ने बताया कि बस्ती के हैण्डपंप दो चार बाल्टी पानी देने के बाद मटमैला पानी देने लगते हैं, इसलिए पूरा दबाव उन हैण्डपंपों पर पड़ रहा है जिनका वाटर लेबल फिलहाल ठीक है। चितालूर के अनिल देवांगन ने बताया कि जिस गति से भू-जल स्तर नीचे जा रहा है उसे देखते हुए यह आशंका बढ़ गई है कि मई के महीने में जल संकट तेजी से गहराएंगा। उन्होंने बताया कि जल संकट की स्थिति भयावह होती जा रही है, लेकिन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और स्थानीय पंच-सरपंच इस समस्या के प्रति उदासीन हैं।