दंतेवाड़ा में बिजली संकट, तीन दिन से अंधेरे में मेटापाल, सामान्य जनजीवन प्रभावित, ग्रामीण परेशान
दंतेवाड़ा का मेटापाल गांव तीन दिनों से घने अंधेरे में डूबा है। बिजली, इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क ठप होने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। अस्पताल और छात...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 07 Jul 2026 01:08:10 PM (IST)Updated Date: Tue, 07 Jul 2026 01:09:43 PM (IST)
दंतेवाड़ा के मेटापाल में तीन दिनों से बिजली बंद रहने के कारण हो रही समस्याओं की प्रतीकात्मक तस्वीर। - एआईHighLights
- दंतेवाड़ा का मेटापाल गांव तीन दिनों से अंधेरे में
- संचार सेवा और बिजली ठप होने से त्राहि-त्राहि
- स्वास्थ्य और शैक्षणिक सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित
नईदुनिया न्यूज, दंतेवाड़ा। जिला मुख्यालय से करीब 24 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम मेटापाल पिछले तीन दिनों से बिजली, मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा ठप होने से गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है। लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से गांव में पेयजल संकट भी गहरा गया है। इसका असर ग्रामीणों के साथ अस्पताल, आश्रम-छात्रावास और अन्य शासकीय संस्थानों पर भी पड़ रहा है।
लगातार बारिश के कारण सौर ऊर्जा प्रणाली भी पर्याप्त रूप से चार्ज नहीं हो पा रही है। अधिकांश संस्थानों में वैकल्पिक बिजली व्यवस्था नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। अस्पतालों में सीमित संसाधनों के सहारे उपचार किया जा रहा है, वहीं छात्रावासों में बच्चों की पढ़ाई और दैनिक गतिविधियां भी बाधित हो गई हैं।
मोबाइल नेटवर्क ठप, इंटरनेट बंद
लगातार बिजली गुल रहने से मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुआ है और इंटरनेट सेवा बंद होने से ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, शासकीय कामकाज और आपातकालीन संपर्क व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
संपर्क करना हो रहा मुश्किल
ग्रामीणों का कहना है कि संचार व्यवस्था ठप होने से जरूरत पड़ने पर भी संबंधित विभागों से संपर्क करना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने, मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा सुचारु करने तथा अस्पतालों और छात्रावासों में स्थायी वैकल्पिक बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।