धमतरी। स्वीफ्ट कार में ओडिशा से धमतरी के रास्ते गांजा तस्करी करने के आरोप में पुलिस ने उत्तर प्रदेश और ओडिशा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कार से पैकेट में भरकर रखा गया 25.400 किलोग्राम गांजा पुलिस ने जब्त किया है।
बोराई पुलिस थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार चेकिंग के दौरान पुलिस को स्वीफ्ट कार में गांजा मिला। बोराई थाना प्रभारी युगल किशोर नाग पुलिस टीम के साथ पंचायत उपचुनाव एवं अवैध धान परिवहन को देखते हुए 19 जनवरी को नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरना ओडिशा की तरफ से स्वीफ्ट डिजायर कार धमतरी जिले की सीमा में आई। बोराई पुलिस थाना के सामने बैरियर नाका के पास संदेह के आधार पर पुलिस ने कार को रोककर जांच की। कार में दो युवक सवार थे। गौरव त्यागी 35 वर्ष उटरावली पोस्ट महमदपुर जादौ जिला गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश और प्रशांत बारिक 24 वर्ष पोट्रोगुडा जिला कोरापुट ओडिशा को पूछताछ बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर कार की पीछे की सीट के नीचे नौ पैकेट में भरा मादक पदार्थ गांजा जब्त हुआ। गांजा 25.400 किलोग्राम था। दो मोबाइल फोन, 1000 रुपये नकद और एक एटीएम कार्ड आरोपितों के पास से पुलिस ने बरामद किया।
पुलिस को पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि ओडिशा के कोरापुट से गांजा लेकर गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। दोनों के विरुद्ध धारा 20 (ख) नारकोटिक एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
गांजा तस्करी का फरार आरोपित पांच माह बाद पकड़ा गया
गांजा तस्करी के फरार आरोपित को पुलिस ने पांच माह बाद अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है। आठ अगस्त 2021 में सिहावा पुलिस ने नाकेबंदी पिकअप वाहन से तीन क्विंटल पांच किलो गांजा जब्त किया था। पिकअप में दो लोग सवार थे। पुलिस ने ग्राम घठुला के पास नाकेबंदी वाहन को रोका। वाहन रूकते ही एक आरोपति घने जंगल में भाग गया। वाहन में सवार आरोपित नीलेश यादव उमरिया मध्य प्रदेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उपेन्द्र तिवारी निवासी बुढ़ार शहडोल मध्यप्रदेश फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी। उसके मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे अंबिकापुर से पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा ।