
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी। कुकरेल बाजार कुर्रीडीह की शांत फिजा में आठ जुलाई की आधी रात को मची चीख-पुकार ने पूरे इलाके को दहला दिया। मंदसौर से अपनी प्रेमिका से मिलने आया शंकर सूर्यवंशी मौत की आहट नहीं भांप सका। रात के अंधेरे में जब प्रेमिका का पति योगेंद्र सोरी कमरे में दाखिल हुआ, तो उसने अपनी पत्नी और शंकर को आपत्तिजनक स्थिति में पाया। आग बबूला योगेंद्र ने बिना सोचे-समझे कुल्हाड़ी उठाई और शंकर पर वार कर उसे मौत की नींद सुला दिया।
घटना के बाद आरोपी ने मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे जिला अस्पताल के फ्रीजर में रखवा दिया है। लेकिन, इस मामले का सबसे दुखद और हैरान करने वाला पहलू अब सामने आया है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद मृतक शंकर के स्वजन शव लेने के लिए धमतरी आने में आनाकानी कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, स्वजनों का कहना है कि वे शव को मंदसौर नहीं ले जाएंगे और अंतिम संस्कार धमतरी में ही करेंगे। हालांकि, अभी तक कोई भी धमतरी नहीं पहुंचा है, जिससे पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्या यह सामाजिक दबाव है या परिवार का मृतक से मोहभंग, यह अभी भी पहेली बना हुआ है। पुलिस को अब परिजनों के आने का इंतजार है ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अंतिम संस्कार किया जा सके।