
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी। पूर्वमंत्री व कुरूद विधायक अजय चंद्राकर का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। किसानों की समस्याओं से संबंधित सिंचाई के पानी को लेकर मोबाइल पर एक अधिकारी से बात करने के दौरान निरीक्षण के लिए क्षेत्र में पहुंचे एक अधिकारी के लिए उन्हें 'मिलता तो गाड़ देता' कहते हुए सुना जा रहा है। इसे लेकर क्षेत्र के लोगों में तरह-तरह की चर्चा है।
पिछले दिनों कुरूद व मगरलोड क्षेत्र के ग्राम परेवाडीह में एक सीआरपीएफ जवान के अंतिम संस्कार में शामिल होने पूर्व मंत्री व कुरूद विधायक अजय चंद्राकर समेत क्षेत्र के कई अन्य जनप्रतिनिधि पहुंचे थे। परेवाडीह के किसानों को सिंचाई पानी की जरूरत व किसानों से मिली शिकायतों के आधार पर विधायक अजय चंद्राकर मोबाइल से सिंचाई पानी को लेकर जिले के एक अधिकारी से चर्चा कर रहे थे। उसी समय निरीक्षण में पहुंचे एक अन्य अधिकारी का जिक्र करते हुए विधायक व पूर्वमंत्री के बोल बिगड़ गए।
कुरूद विधायक व पूर्वमंत्री अजय चंद्राकर के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर को उनके अमर्यादित भाषा के लिए पूरे प्रदेशभर के लोग जानते हैं। 30 साल पहले की भाषा में कोई बदलाव नहीं आया है। इससे पहले भी वे क्षेत्र के कई ग्राम सचिव, थानेदार, शिक्षक समेत कई अधिकारी-कर्मचारी व लोगों के साथ ऐसे ही अमर्यादित भाषा में बात करते व बोलते देखे व सुने गए हैं। उनके अंदर संस्कार नाम का कोई चीज नहीं है।
ग्राम परेवाडीह के किसानों को खरीफ धान फसल के लिए सिंचाई पानी की जरूरत थी। इस दौरान बारिश होने से खेतों में जमा पानी भी बह गया। वहीं नहर का एक हिस्सा भी टूट गया था, इसके मरम्मत के दौरान पर्याप्त मिट्टी नहीं डाले जाने की बात भी सामने आई। ऐसे में नहर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा था, इससे गांव के करीब 100 एकड़ फसल के लिए सिंचाई पानी की जरूरत थी। इसकी शिकायत जिला पंचायत कार्यालय धमतरी में भी की गई थी। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने जल संसाधन विभाग के अधिकारी से चर्चा कर मौके पर भेजा था।
मौके पर पहुंचे अधिकारी पर किसानों व ग्रामीणों से नेतागिरी करने की बात कहने का आरोप है। अधिकारी के इस बयान की शिकायत व सिंचाई पानी को लेकर जिले के अन्य अधिकारी से मोबाइल पर चर्चा के दौरान कुरूद विधायक अजय चंद्राकर के बिगड़े बोल वीडियो में कैद हो गए हैं, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।