
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी: भीषण गर्मी का सीजन खत्म होते होते अमूमन छत्तीसगढ़ के प्रमुख जलाशय सूखने की कगार पर पहुंच जाते हैं, लेकिन इस साल धमतरी जिले से राहत भरी खबर आ रही है। रिकॉर्ड 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज करने के बाद भी जिले के जीवनदायिनी गंगरेल (रविशंकर सागर) बांध समेत सोंढूर, दुधावा और मुरूमसिल्ली बांध में जलभराव की स्थिति संतोषप्रद है। जल संसाधन विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, गंगरेल बांध में वर्तमान में कुल 17 टीएमसी (Thousand Million Cubic Feet) पानी संचित है, जिसमें से 12 टीएमसी उपयोगी जल (Live Storage) है। इस पानी का सीधा इस्तेमाल सिंचाई और पेयजल जैसी आपातकालीन जरूरतों के लिए आसानी से किया जा सकता है।
हर साल मई-जून के महीने में मुरूमसिल्ली बांध लगभग पूरी तरह सूख जाता था, लेकिन इस साल वहां भी पौने पांच टीएमसी पानी भरा हुआ है। इसी तरह दुधावा बांध में साढ़े सात टीएमसी से अधिक और सोंढूर बांध में तीन टीएमसी से अधिक जलभराव दर्ज किया गया है।
अधिकारियों का मानना है कि मानसून के आगमन में यदि थोड़ी लेटलतीफी भी होती है, तो भी किसानों को खरीफ फसलों की शुरुआत के लिए पानी का संकट नहीं झेलना पड़ेगा। अच्छी बात यह है कि इस बेहतर बैकअप के कारण मानसून की शुरुआती मानसूनी बौछारों के साथ ही ये सभी बांध बहुत जल्दी अपनी पूरी क्षमता तक लबालब भर जाएंगे, जिससे बारिश के दिनों में इनका नैसर्गिक सौंदर्य और निखर उठेगा।
गंगरेल बांध केवल धमतरी या आसपास के खेतों की प्यास नहीं बुझाता, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और स्टील सिटी भिलाई की लाइफलाइन भी है। रायपुर नगर निगम के शुद्ध पेयजल आपूर्ति का मुख्य स्रोत महानदी पर बना गंगरेल बांध ही है, जहां से खारून नदी के माध्यम से रायपुर के फिल्टर प्लांट तक पानी पहुंचाया जाता है। इसके अलावा, भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) और भिलाई शहर की औद्योगिक व घरेलू जल आवश्यकताओं का एक बड़ा हिस्सा इसी जलाशय से नियंत्रित होता है। गर्मी के दिनों में जब स्थानीय जलस्तर गिरता है, तब गंगरेल से पानी छोड़कर ही इन दोनों बड़े शहरों में जल संकट को टाला जाता है।