
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी। धमतरी जिला पुलिस ने सूने मकानों में सिलसिलेवार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर संगठित गिरोह को दबोचने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने मामले में मुख्य सरगना सहित 8 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चोरी का माल खरीदने वाले और उसे छिपाने वाली एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, कीमती मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभ 24 लाख रुपये आंका गया है।
दर्शन करने गई थी महिला, पीछे से साफ किया हाथ
पुलिस के अनुसार, नगरी थाना क्षेत्र के जंगलपारा निवासी राधिका साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 से 6 जून 2026 के मध्य वे अपने मकान में ताला लगाकर ग्राम जीजामगांव स्थित मातंगी धाम दर्शन करने गई थीं। 8 जून को जब उनके घर काम करने वाली महिला वहां पहुंची, तो उसने देखा कि पीछे का दरवाजा खुला हुआ है और आलमारी टूटी पड़ी है। घर लौटने पर पीड़िता को पता चला कि अज्ञात चोरों ने आलमारी का ताला तोड़कर वहां रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवर और नकदी पार कर दिए हैं। शिकायत पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच आरंभ की।
नगरी पुलिस और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों को सक्रिय किया। संदेह के आधार पर जब कुछ स्थानीय युवकों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने संगठित रूप से चोरी करना स्वीकार किया। आरोपितों ने बताया कि वे पहले सूने मकानों की रेकी करते थे और फिर रात के समय लोहे की रॉड से ताला तोड़कर भीतर घुस जाते थे। पूछताछ में गिरोह ने क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी और मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को भी अंजाम देना कुबूल किया है।
पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि चोरी करने के बाद आरोपितों ने माल आपस में बांट लिया था। गिरोह के सदस्य पुष्पजीत खरे ने चोरी के कुछ जेवरात नोवल जैन को बेच दिए थे, वहीं लक्की गुप्ता ने माल छिपाने के लिए अपनी मां सीमा गुप्ता को दे दिया था। पुलिस ने माल खरीदने और उसे खपाने के आरोप में इन्हें भी सह-आरोपित बनाया है।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर कुल 144.11 ग्राम सोने के आभूषण (रानी हार, मंगलसूत्र, गुलबंद, झुमके, रिंग), 2,167.84 ग्राम चांदी (करधन, पायल, सिक्के), 11,300 रुपये नकद, 2 एप्पल और 2 विवो मोबाइल, लोहे की रॉड तथा चोरी की एक बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों में तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू, लक्की गुप्ता, प्रहलाद नेताम, हितेश्वर मरकाम, पुष्पजीत खरे, भावेश कुमार साहू, नोवल जैन और सीमा गुप्ता शामिल हैं। सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।