धमतरी से 14 साल पहले लापता नाबालिग ग्रेटर नोएडा में मिली, इंटरनेट मीडिया और नेटग्रीट एप से खुला राज
पुलिस ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और नेटग्रीट एप की मदद से 14 साल बाद ग्रेटर नोएडा से बरामद कर लिया; नाम बदलकर विवाह कर चुकी 28 वर्षीय महिला ने न्यायालय में किसी भी अपराध से इनकार किया है।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 09:56:11 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 09:56:11 PM (IST)
इंटरनेट मीडिया व पुलिस की नेट ग्रीट एप ढूंढने में किया सहायताHighLights
- धमतरी से 14 साल पहले लापता लड़की ग्रेटर नोएडा में मिली।
- फेसबुक, इंस्टाग्राम और पुलिस के नेटग्रीट एप से मिला सुराग।
- नाम बदलकर कर ली थी शादी, अपराध होने से किया इनकार।
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी : 12 साल पहले रहस्यमय ढंग से लापता हुई लड़की पुलिस के लिए चुनौती बनी रही। नाम, पता बदलने के बाद भी इंटरनेट मीडिया ने कमाल दिखाया। आखिरकार 14 साल बाद पुलिस ने लापता बालिका को ढूंढ निकाला, तब जाकर पुलिस की चुनौती पूरी होने के साथ बालिका की गुमशुदगी का फाइल अब जाकर बंद हुआ।
किसी का गुमशुदा होना कहने में सरल सा लगता है पर उसे तलाशने की प्रकि्रया में किस कदर मशक्कत करनी पड़ती है, यह खुलासा होता है भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलीडीह की लड़की के गुमशुदा प्रकरण से। लगभग 14 साल पहले छोटी सी उम्र में यह बालिका अचानक घर से लापता हो गई थी और तब से पुलिस खाते में गुमशुदगी का मामला दर्ज हो गया था। पुलिस उसे तलाशने हाथ-पैर तो मार रही थी, पर कहीं पता नहीं चल रहा था।
ऊपर से पुलिस पर सुप्रीमकोर्ट का फरमान सिर पर सवार था। जिसके अनुसार प्रत्येक नाबालिग को हर हाल में ढूंढना अनिवार्य है और इस मामले में तो पुलिस की खोजबीन अधूरी रह जाती थी क्योंकि गुम हुई लड़की ने नाम व पता सब बदल लिया था, पर पुलिस ने भी हार नहीं मानी और कई माध्यमों से सर्च आपरेशन जारी रखा। इस बीच बालिका को ढूंढने पुलिस ने इंटरनेट मीडिया व विभाग के नेट ग्रीट एप का सहारा लिया, तो पुलिस को बालिका का पता चला और उन्हें पुलिस ढूंढ निकाली।
27 अक्टूबर 2012 से हुई थी लापता
भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलिडीह निवासी 14 वर्षीय नाबालिग बालिका 27 अक्टूबर 2012 को दोपहर करीब एक बजे घर से मट्ठा लेने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। स्वजन द्वारा काफी तलाश किए जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर थाना भखारा में गुमशुदगी दर्ज कराई, इसके बाद पुलिस विवेचना में जुट गई थी। प्रकरण के लंबे समय से लंबित रहने तथा बालिका द्वारा समय के साथ अपना नाम एवं पहचान बदल लेने के कारण उसकी पतासाजी पुलिस के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी।
नेटग्रीट व इंटरनेट मीडिया में मिला महत्वपूर्ण सुराग
एसपी भावना पांडेय ने बताया कि पुराने एवं लंबित गुमशुदगी के प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी पतासाजी के निर्देश दिए गए थे। थाना भखारा पुलिस द्वारा लगातार तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक एवं इंस्टाग्राम तथा नेटग्रीट एप सहित उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की सहायता से लापता बालिका की तलाश की जा रही थी। इस माध्यम से लापता बालिका का पता चला कि अब वह अपना नाम एवं पहचान बदलकर सेक्टर डेल्टा-थ्री, थाना देवला, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में निवास कर रही है।
महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त होते ही थाना भखारा पुलिस की टीम तत्काल ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश रवाना हुई। पुलिस टीम द्वारा स्थानीय स्तर पर पतासाजी एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए 23 नवंबर 2026 को इस बालिका को वर्तमान में महिला के रूप में ढूंढकर धमतरी लाया गया और स्वजन के सुपुर्द किया गया। वर्तमान में यह 28 वर्ष की महिला हो गई है।
अपराध घटित होने से किया इंकार
न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के समक्ष महिला ने बताया कि वर्ष 2012 में वह अपनी मां के पास चली गई थी। इसके पश्चात आगरा एवं दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में रहकर रोजी-मजदूरी करने लगी तथा बालिग होने के बाद वर्ष 2018 में विवाह कर लिया। महिला ने अपने साथ किसी भी प्रकार की जोर-जबरदस्ती अथवा अपराध घटित होने से इंकार किया है।