
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी। धमतरी जिले में पंजीकृत श्रमिकों के लिए ई-केवाईसी और डेटा अद्यतन करने हेतु विशेष अभियान का आगाज किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के श्रमायुक्त के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के तहत यह प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
जिले में कुल एक लाख 15 हजार श्रमिक पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक केवल 7,900 श्रमिकों का ही ई-केवाईसी पूरा हो पाया है। लगभग एक लाख सात हजार एक सौ श्रमिकों का डेटा संशोधन और ई-केवाईसी होना अभी शेष है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद पंचायत और नगरीय निकाय स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं। अधिकृत कॉमन सर्विस सेंटर यानी सीएससी केंद्रों के जरिए पंजीयन संशोधन और दस्तावेज अपलोड करने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जाएगी। इस कार्य के लिए श्रमिकों को प्रति आवेदन 20 रुपये का शुल्क अपनी ओर से देना होगा。 यह प्रक्रिया पूरी होने से श्रमिकों का डेटा व्यवस्थित होगा और उन्हें शासन की विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से मिलना सुनिश्चित हो सकेगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने मुनादी कराने और व्यक्तिगत संपर्क साधने के निर्देश दिए हैं। नोडल अधिकारियों, सचिवों, रोजगार सहायकों और कोटवारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे 15 दिनों के भीतर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी आवेदन पूर्ण कराएं। अधिकारियों को हर सप्ताह अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।