
धमतरी। प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता आने के बाद लगातार घोटाले हो रहे हैं। कोरोना महामारी के भीषण संक्रमण काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए चावल में भी कांग्रेस की राज्य सरकार ने बड़ा घोटाला किया है। यह आरोप जिला भाजपा कार्यालय में पांच अक्टूबर को पूर्व सांसद चंद्रशेखर साहू ने लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा बार-बार ध्यान दिलाने के बाद भी कांग्रेस ने घोटाला जारी रखा है। केंद्र सरकार ने जरूरतमंदों को दो महीने के लिए मुफ्त राशन चावल देने का निर्णय लिया, लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुर्खियां बटोरने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर दो महीने और चावल बढ़ाकर देने की मांग की।
नरेंद्र मोदी सरकार ने दिवाली तक सभी जरूरतमंदों को मुफ्त चावल देने की घोषणा कर दी। चावल आवंटन भी कर दिया गया, लेकिन केंद्र सरकार की अन्य योजनाओं की तरह इसका भी लाभ जनता तक पहुंचाने के बजाय कांग्रेसी स्वयं हड़प रहे हैं। चंद्रशेखर साहू ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार कुर्सी बचाने के लिए आंतरिक लड़ाई में मस्त है और गरीब जनता पस्त है।
जनता ने कांग्रेस को बड़ा बहुमत देकर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए भेजा, लेकिन अब तक छत्तीसगढ़ में स्थाई सरकार नहीं है। भाजपा के 50 विधायक थे, तब ऐसी नौबत नहीं आई। कांग्रेस के पास तो इससे ज्यादा विधायक है, इसके बावजूद सरकार डांवाडोल है। कांग्रेस के लोग आए दिन दिल्ली जाते रहते हैं और लौटते समय फतह हासिल करने का चिन्ह दिखाते हैं।
इस अवसर पर विधायक रंजना साहू, भाजपा के जिलाध्यक्ष शशि पवार, रामू रोहरा, कविंद्र जैन, चेतन हिंदुजा, ऋषभ देवांगन सहित अन्य लोग मौजूद थे।
--