
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुलगांव स्थित बाल सुधार गृह से रविवार की रात 13 अपचारी बालक फिर भाग निकले। रात के अंधेरे में सभी पुलगांव नाला को पार कर रहे थे। इसी दौरान एक बालक बह गया। पकड़ में आए तीन बालकों में से एक की सूचना पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नाले में बहे बालक की खोजबीन शुरू कर दी है।
रोशनदान के रास्ते निकले
सुधार गृह के जिस कमरे में इन अपचारी बालकों को रखा गया था, वहां उनके सोने के लिए बाजवट (तखत) रखा हुआ है। बालकों ने एक के ऊपर एक तीन बाजवट को रखा और कमरे में लगे रोशनदान की जाली तक पहुंचकर उसे उखाड़ दिया। इसके बाद एक-एक कर भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी सुधार गृह पहुंचे। इस दौरान पुलगांव पुलिस ने तीन अपचारी बालकों को अंजोरा रोड पर पकड़ लिया।