
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पदमनाभपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 किलो 330 ग्राम डोडा चूरा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि लाल शर्ट पहने एक व्यक्ति बोरसी चौक स्थित शीतला मंदिर के पास बैग में अवैध मादक पदार्थ लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम महेंद्र बिश्नोई (24 वर्ष) बताया। वह राजस्थान के फलोदी जिले के नोकड़ा गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह वर्तमान में दुर्ग के बोरसी क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपित की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 12 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा चूरा और 1500 रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत एक लाख 84 हजार 959 रुपये बताई गई है।
मामले में थाना पदमनाभपुर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 8(ग), 15(बी) और 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।