
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। कपड़े का रंग निकलने की शिकायत पर कपड़ा दुकान के मैनेजर और ग्राहक के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मैनेजर ने ग्राहक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
बीच-बचाव करने पहुंची ग्राहक की पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की हुई, जिससे उसका सोने का मंगलसूत्र टूट गया। मारपीट में ग्राहक के गले की सोने की चेन भी टूट गई। मामले में राजनांदगांव निवासी ज्वेलर्स कारोबारी भूपेन्द्र कुमार जैन ने पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार भूपेन्द्र जैन ने एक अक्टूबर 2026 को दुर्ग के पुलगांव-पोटिया रोड स्थित दुर्ग ट्रेड सेंटर के बी-1 मेंस फैशन से कपड़े खरीदे थे। चार अक्टूबर को कपड़े मिलने के बाद उन्होंने एक नीले रंग की पैंट पहनी। पैंट का रंग निकलकर उनके सफेद अंडरवियर पर लग गया, जिससे उसकी गुणवत्ता खराब हो गई।
इस पर उन्होंने पांच अक्टूबर को दुकान पहुंचकर मैनेजर-कर्मचारी विजय बैद को पैंट वापस कर दी। विजय ने दो-तीन दिन में कंपनी भेजकर कपड़ा बदलवाने का आश्वासन दिया था। काफी दिन तक कोई सूचना नहीं मिलने पर भूपेन्द्र 15 से 22 अक्टूबर के बीच दोबारा दुकान पहुंचे, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
24 अक्टूबर को फोन पर विजय बैद से कपड़े के संबंध में चर्चा के दौरान विवाद हो गया। इसके बाद शाम करीब 7.30 बजे भूपेन्द्र अपनी पत्नी भूमिका जैन के साथ दुकान पहुंचे। यहां कपड़े को लेकर बातचीत के दौरान विजय बैद ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में कचरे की पॉलीथिन से बनेंगी सड़कें, नगर निगम करेंगे ठेकेदारों से कॉन्ट्रैक्ट
भूपेन्द्र के अनुसार, मारपीट में उनके दाहिने पैर और सीने में चोट आई। गले में पहनी सोने की चेन टूट गई, जबकि बीच-बचाव करने पर पत्नी का मंगलसूत्र भी टूट गया। भूपेन्द्र ने 30 अक्टूबर को पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।