दुर्ग में गाड़ी के नंबर का फर्जी इस्तेमाल, कटे ट्रैफिक चालान और टोल शुल्क तो वाहन मालिक को चला पता, पुलिस कर रही अब जांच
दुर्ग में एक कार के नंबर का कथित रूप से फर्जी तरीके से इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। रायपुर निवासी वाहन मालिक मोनिश सोनी ने मोहन नगर थाने म...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 25 Aug 2026 02:30:02 PM (IST)Updated Date: Tue, 25 Aug 2026 02:31:45 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो एआई से बनाई गई है।HighLights
- कार कभी ओडिशा लेकर नहीं गए, वहां भी चालान
- इसी नंबर की प्लेट लगी एक अन्य कार हरिनगर दुर्ग में
- पुलिस चालान, नंबर प्लेट, टोल के आधार पर कर रही जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। शहर में एक कार के नंबर का कथित रूप से फर्जी तरीके से इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। रायपुर निवासी वाहन मालिक मोनिश सोनी ने मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक उनकी टोयोटा वेलफायर कार क्रमांक सीजी 07 बीजेड 5226 के समान नंबर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दूसरी कार में लगाया गया है।
शिकायत के आधार पर मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 336(3), 340(2), 345(3) और 347(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चालान और टोल शुल्क कटने के बाद जानकारी हुई
पुलिस को दिए आवेदन में मोनिश सोनी ने बताया कि कार उनके नाम पर आरटीओ दुर्ग में पंजीकृत है। उन्हें पिछले करीब एक साल से जानकारी मिल रही थी कि उनके वाहन के नंबर का इस्तेमाल कोई दूसरा व्यक्ति कर रहा है। ट्रैफिक चालान और टोल शुल्क कटने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें इसकी जानकारी हुई।
कार कभी ओडिशा लेकर नहीं गए, वहां भी चालान
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके नाम से करीब दो हजार रुपये का ट्रैफिक चालान और सात से आठ हजार रुपये का टोल शुल्क कट चुका है। मोनिश ने बताया कि वह अपनी कार को कभी ओडिशा लेकर नहीं गए, जबकि उनके वाहन नंबर से वहां संबंधित गतिविधियों और चालान की जानकारी सामने आई।
इसी नंबर की प्लेट लगी एक अन्य कार हरिनगर दुर्ग में
वर्तमान में इसी नंबर की प्लेट लगी एक अन्य कार को रजत होम्स के पास, हरिनगर दुर्ग क्षेत्र में उपयोग किए जाने की जानकारी मिली है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से फर्जी नंबर का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अब संबंधित वाहन, नंबर प्लेट, चालान और टोल रिकॉर्ड की जांच कर रही है।