छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ की विधायक की एसयूवी ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल
खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा की सफारी की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम टेकापार के पास हुआ।
Publish Date: Tue, 10 Nov 2026 05:37:10 PM (IST)Updated Date: Tue, 10 Nov 2026 06:11:48 PM (IST)
खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा की सफारी की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।HighLights
- रायपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल भेजा गया
- विधायक रायपुर प्रवास के बाद खैरागढ़ लौट रही थीं
- विधायक दूसरे वाहन से अपने गंतव्य खैरागढ़ के लिए रवाना हुईं
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा की सफारी की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सोमवार शाम बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम टेकापार के पास हुआ। दोनों युवक दीपावली के अवसर पर अपने रिश्तेदार से मिलने के बाद गांव लौट रहे थे।
घटना के बाद विधायक के सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल बोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया।
रायपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल भेजा गया
बाद में दोनों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल हेमंत पटेल और शिव वर्मा मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-07 डीपी-5319 से अपने गांव चेतवा लौट रहे थे। दोनों ग्राम बड़े पुरदा में रहने वाले अपने रिश्तेदार कमलेश पटेल के घर दीपावली मनाने पहुंचे थे।
विधायक रायपुर प्रवास के बाद खैरागढ़ लौट रही थीं
वहां से वापस लौटते समय ग्राम टेकापार के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही सफारी एसयूवी क्रमांक सीजी-08 एएस-4602 से टक्कर हो गई। एसयूवी खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा की बताई गई है। विधायक रायपुर प्रवास के बाद खैरागढ़ लौट रही थीं।
घटना की जानकारी मिलने पर शिकायतकर्ता कमलेश पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि परिचित से दोनों युवकों के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पहुंचे थे। वहां घायलों ने उन्हें विधायक की एसयूवी से टक्कर लगने की जानकारी दी।
विधायक दूसरे वाहन से अपने गंतव्य खैरागढ़ के लिए रवाना हुईं
हादसे के बाद विधायक दूसरे वाहन से अपने गंतव्य खैरागढ़ के लिए रवाना हो गईं। बोरी पुलिस ने एसयूवी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 (ए), 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस बोली, मामले की जांच की जा रही है
बोरी थाना प्रभारी जितेंद्र पिस्दा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में बाइक सवारों की लापरवाही से वाहन चलाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, हादसे के समय दोनों युवक नशे में थे या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।