
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। दुर्ग के इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में आइसक्रीम पार्लर की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। सिटी कोतवाली थाना दुर्ग और एसीसी की संयुक्त टीम ने रविवार को लॉज में छापामार कार्रवाई कर मामले का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पीटा एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को 28 जून की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि जलाराम लॉज में देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से लॉज में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दो पुरुष और तीन महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं। मौके पर लॉज का संचालक भी मौजूद था।
20 हजार नकद और 80 कंडोम पैकेट जब्त
छापे के दौरान पुलिस ने करीब 20 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। मामले में विजय गुजराती, नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया है। तीनों के खिलाफ पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
लॉज के ऊपर चलता था कथित सेक्स रैकेट
पुलिस के अनुसार, लॉज के नीचे मिठाई और आइसक्रीम की दुकान संचालित थी, जबकि ऊपर बने लॉज में कथित तौर पर सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। करीब पांच घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान पुलिस को तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक हालत में मिले। मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में नानी के घर से लौट रही युवती का अपहरण, हाथ बांधकर खाट के नीचे छिपाया; परिजनों ने छुड़ाया