फिंगेश्वर। ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों के चलते गुरुवार को विकासखंड के तीन ग्राम पंचायतों कोपरा, सिंधौरी व बोड़की के एक-एक वार्डों में पंच पद पर वोट डाले गए। सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक मतदान उपरांत मतदान केंद्र पर ही मतपत्रों की गणना कर परिणाम बताए गए। परिणाम की अधिकारिक घोषणा जनपद पंचायत फिंगेश्वर में सरलीकरण उपरांत शनिवार को की जाएगी।
तीनों वार्ड में सीधी टक्कर यानी दो-दो प्रत्याशी मैदान में थे। ग्राम बोड़की वार्ड 05 में लक्ष्मी पटेल विजयी हुईं। यहां अंतिम समय में एक मात्र प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार ने लक्ष्मी पटेल का समर्थन कर दिया इसलिए लक्ष्मी पटेल को 45 व उनके प्रतिद्वंद्वी को 2 वोट मिले। कोपरा में सुशीला बाई विजयी हुईं उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्यामाबाई को 74 मतों के अंतर से पराजित किया। इसी प्रकार सिंधौरी ग्राम पंचायत में यशोदा बाई धु्रव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तीजम बाई निषाद को 24 वोट से हराकर विजयीश्री हासिल की। विजयी प्रत्याशियों अधिकारिक घोषणा शनिवार को जनपद पंचायत फिंगेश्वर में की जाएगी।
-----
कोपरा में 84 फीसद ने किया मतदान, सुशीला बनीं पंच
राजिम कोपरा। ग्राम पंचायत कोपरा में पंचायत चुनाव के मतदान प्रक्रिया सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक चली। कोपरा में पूर्व पंच की मृत्यु हो जाने के कारण पद रिक्त हुआ था। वार्ड क्रमांक 12 में साहू परिवार की बहू की मुत्यु के बाद उनके स्थान पर उपचुनाव में उसकी सास सुशीला साहू चुनाव मैदान में थीं।
कोपरा में 84 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। ग्राम पंचायत कोपरा में 94 पुरुष व 79 महिलाओं ने मतदान किया। 4 मत रिजेक्ट हुआ। सुबह से ही वोटर कतार में लगे रहे। मास्क और शारीरिक दूरी का पालन किया गया। मतदान केंद्रों में स्वास्थ्यकर्मी, पुलिस बल, पटवारी, सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कोतवाल भी मौजूद रहे। मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में कोपरा में पंच पद के लिए मतदान हुआ। दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। सुशीला साहू को 122 मिले। वहीं श्यामा साहू को 48 वोट मिले। सुशीला साहू 74 वोट से चुनाव जीत गई।