गरियाबंद। जिले की छुरा पुलिस ने तेंदुए की खाल के साथ शिकारी के दो सहयोगी तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों बाइक में तेंदुआ की खाल बेचने ग्राम राजपुर से खरखरा की दिशा में जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खरखरा बांध तिराह के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपित छुरा ब्लाक के ग्राम राजपुर
के ही रहने वाले हैं।
मामले में प्रेस कांफ्रेंस कर पुलिस अधीक्षक जेआर ठाकुर ने बताया कि छुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम राजपुर से दो युवक बाइक में तेंदुआ के खाल बेचने खरखरा के दिशा में निकले हैं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल टीम गठित की और खरखरा बांध तिराह के पास सड़क की घेराबंदी की। जैसे ही युवक खरखरा के पास पहुंचे तो अपने सामने अचानक पुलिस बल के देख हड़बड़ा गए और भागने का प्रयास करने लगे। लेकिन युवक पुलिस की घेराबंदी से बच नहीं पाए और पकड़े गए। उनके बाइक की डिक्की से एक बोरी में रखी तेंदुआ की खाल बरामद हुई। जिसे तत्काल जब्त किया गया। पुलिस ने युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक पीलूराम ठाकुर (28) व अगनुराम सिंह ठाकुर (21) छुरा ब्लाक के ग्राम राजपुर के रहने वाले हैं। दोनों ओडिशा के एक शिकारी के पास से तेंदुआ की खाल बेचने के लिए लाए थे। ये शिकारी के साथ मिलकर तेंदुए की खाल बेचने में मदद करते थे। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर तेंदुआ के शिकारी/ मुख्य तस्कर की पतासाजी कर रही है।
खाल की कीमत पांच लाख : पुलिस अधीक्षक जेआर ठाकुर ने बताया कि तेंदुए की खाल की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है। तेंदुआ सिर से पूंछ तक की लंबाई 77 इंच, गर्दन की लंबाई 10 इंच व बीच भाग की चौड़ाई 19 इंच होना पाया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी छुरा के नेतृत्व में पुलिस टीम सउनिक नीलूराम दीवान, सुरेश निषाद, प्रधान आरक्षक तुलाराम साहू, आरक्षक राजेन्द्र गायकवाड़, डेकेश्वर सोनी, शिव दयाल नागेश, माघो साहू, दयानंद गौर शामिल थे।