
रायपुर। राज्यभर में एक तरफ 16 से 22 अगस्त तक सरकार संस्कृत सप्ताह मना रही है, वहीं दूसरी तरफ स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से चल रहे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम शिक्षा गुणवत्ता अभियान में अफसरों को स्कूली बच्चों से संस्कृत को छोड़कर बाकी सभी विषयों से सवाल पूछने के लिए कहा जा रहा है। संस्कृत को हाशिए में डालने की वजह जानकार संस्कृत भाषा का व्यवहारिक नहीं होने के कारण अफसरों को भी जानकारी न होने की बात कह रहे हैं, जबकि गुणवत्ता अभियान की जिम्मेदारी संभाल रहे सर्व शिक्षा अभियान के अफसर सवालों की संख्या अधिक होने के कारण सिर्फ हिन्दी और अंग्रेजी भाषा के ही सवालों को शामिल करने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। गौरतलब है कि 16 से 31 अगस्त तक स्कूलों में शिक्षा गुणवत्ता अभियान चलाया जा रहा है। पहली से लेकर आठवीं तक के बच्चों से जनप्रतिनिधि और अफसर स्कूलों में जाकर सवाल पूछ रहे हैं। इसके लिए बाकायदा सर्व शिक्षा अभियान की ओर से सवालों को किस तरह से पूछना है। इसका फार्मेट बनाया गया है, लेकिन इस फार्मेट में संस्कृत को गायब कर दिया गया है। राज्य के 33 हजार प्राइमरी-मिडिल स्कूलों में इस साल 10068 प्राइमरी और 2818 मिडिल स्कूल यानी 12886 स्कूलों में 20 लाख बच्चों के शिक्षा स्तर का आकलन किया जा रहा है।
ऐसे पूछ रहे सवाल
स्कूलों में जनप्रतिनिधि और अफसर अंग्रेजी में सुनने, बोलने, हिन्दी में पढ़ने और लिखने, गणित में मौखिक, संक्रियाएं, विज्ञान में सामान्य और सैंद्वांतिक और सामाजिक विज्ञान में जनरल अवेयरनेस से करीब 10 सवाल पूछ रहे हैं। जिस स्कूल में एक कक्षा के 75 फीसदी ब च्चे सही जवाब दे रहे हैं, उस स्कूल को बेहतर श्रेणी में डाला जा रहा है।
पहले भी डाला था हाशिए में
राज्य में बीते साल से नवमी से लेकर बारहवीं तक वोकेशनल कोर्स के विकल्प के रूप में संस्कृत पढ़ाई जा रही है। इसके पहले छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के पाठ्यक्रम में संस्कृत को तीसरी भाषा के तौर पर छठवीं से 10वीं तक पढ़ाया जाता था, लेकिन वोकेशनल कोर्स लागू होने के बाद संस्कृत आठवीं तक ही सिमट कर रह गई है। स्कूलों में संस्कृत के विकल्प में ऑटोमोबाइल, आईटी, रिटेल, हेल्थ केयर आदि विषयों को पढ़ने के लिए बच्चों को बाध्य कर दिया गया है।
इस साल अभी तक हमने सिर्फ हिन्दी और अंग्रेजी भाषा ही आकलन करने के लिए लिया है। संस्कृत को नहीं लेने की वजह सवालों की संख्या अधिक होने के कारण है।(अफसरों को समझ नहीं आ रहा क्या , पूछने पर) अब सनसनी फैलाओगे तो मैं कुछ नहीं बोलूंगा।
- मोहम्मद अब्दुल कैसर हक, राज्य नोडल ऑफिसर, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम शिक्षा गुणवत्ता अभियान
संस्कृत के 70 फीसदी शब्द तो हिन्दी से ही होते हैं। इसके पहले व्यावसायिक कोर्स लागू करके संस्कृत को विकल्प पर रखा गया था तब मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री से मांग की थी। अब फिर मुख्यमंत्री से मांग करूंगा कि संस्कृत को भी अभियान में शामिल करें।
- डॉ.गणेश कौशिक, अध्यक्ष, संस्कृत विद्यामंडलम्
संस्कृत एक भाषा है, इसकी परीक्षा भी ली जाती है, लेकिन व्यवहारिक इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। मेरा मानना है कि जो स्कूलों में निरीक्षण करने जाएंगे, उनमें से कुछ ऐसे भी होंगे, जिनकी जानकारी से ही संस्कृत बाहर है, इसलिए शामिल नहीं किया गया होगा। यह भी वजह होगी, लेकिन मेरा मत है कि संस्कृत को शामिल किया जाना चाहिए।
- बीकेएस रे, शिक्षाविद
संस्कृत को पहले व्यावसायिक कोर्स लादकर बाहर किया गया, अब शिक्षा अभियान में भी बाहर कर दिया गया। अफसर मनमानी कर रहे हैं। यह सरासर गलत है। सरकार को संस्कृत की उपेक्षा नहीं करनी चाहिए।
- दानीराम वर्मा, पूर्व प्रांताध्यक्ष, शिक्षक संघ
प्रशिक्षण से गायब थे 75 फीसदी अफसर, सचिव ने दोबारा बुलाया
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत स्कूलों के निरीक्षण के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में 75 फीसदी अफसर शामिल नहीं हुए थे। प्रशिक्षण के नाम पर खानापूर्ति का मामला सामने आने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। नईदुनिया में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने प्रशिक्षण से नदारद अफ सरों को 23 अगस्त को दोबारा बुलाया है। प्रोफेसर जेएन पांडेय स्कूल में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक फिर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक प्रशिक्षण होगा।
प्रशिक्षण में जो अफसर किसी कारणवश शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें दोबारा प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया है। सभी विभागों को पत्र लिखा गया है।
- विकास शील, सचिव, स्कूल शिक्षा