
जगदलपुर(ब्यूरो)। दरभा ब्लॉक के सुदूर नक्सल प्रभावित ग्राम कोलेंग में सोमवार को आयोजित जनजागरण सभा में ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष सड़क, बिजली एवं पुलिस चौकी खोले जाने की मांग की। कभी माओवादियों का अभेद गढ़ माने जाने वाले कोलेंग में पहली बार संभाग और जिले के वरिष्ठ अधिकारी खुद ग्रामीणों से मिलने पहुंचे थे। सभा में नक्सल दहशत को ताक पर रखकर आसपास से करीब पांच हजार ग्रामीण परिवार समेत शरीक हुए।
आईजी बस्तर एसआरपी कल्लूरी, कलेक्टर अमित कटारिया, एसपी राजेंद्र नारायण दास, एडिशनल एसपी विजय पांडेय समेत अन्य अफसर तथा सामाजिक एकता मंच के सदस्य मोटरसायकलों से कोलेंग रवाना हुए। वहीं सुकमा कलेक्टर नीरज बंसोड़ एसपी डी श्रवण भी कार्यक्र म में पहुंचे थे। सभा में बस्तर सामाजिक एकता मंच के सदस्य भी शामिल हुए। दरभा के आगे ग्रामीण अफसरों को बाइक पर जाते उत्सुकता से देखते रहे। इस दौरान सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। खुले स्थान में आयोजित जनजागरण सभा कम चौपाल में ग्राम कांदानार, छिंदगुर, चांदामेटा, मुंडागढ़, कांदानार आदि गांवों से ग्रामीण पहुंचे थे। करीब 100 ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपा।अधिकतर ग्रामीणों ने अफसरों के समक्ष कहा कि उनके गांव में आज तक अच्छी सड़क नहीं बन सकी है। बिजली व पेयजल की सुविधा भी नहीं है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि वे उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाकर जल्द ही सुविधाएं मुहैया कराने का प्रयास करेंगे। वहीं गांव में पुलिस चौकी खोले जाने के लिए भी सहमति जताई गई। ग्रामीणों ने इस अवसर पर राष्ट्र की मुख्य धारा से जुड़े रहने तथा नक्सलियों को सहयोग नहीं करने का संकल्प व्यक्त किया। ग्रामीणों को विभाग की ओर से भोजन भी करवाया गया।
पांडु राम की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी : कल्लूरी
इस मौके पर आईजी बस्तर एसआरपी कल्लूरी ने ग्रामीणों से कहा कि ग्रामीणों के विश्वास के चलते सरगुजा की तरह बस्तर भी जल्द ही नक्सल मुक्त हो जाएगा। पूर्व जनपद सदस्य पांडु राम की शहादत व्यर्थ नहीं जाने देंगे। उन्होंने जल्द ही इलाके को विकास से जोड़ने की बात कही। कलेक्टर बस्तर अमित कटारिया ने नेतानार को ग्राम कोलेंग से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण को पहली प्राथमिकता बताया। साथ ही मोबाइल टावर निर्माण की जरूरत को भी जायज बताया। एसपी राजेंद्र नारायण दास ने ग्रामीणों को जल्द कैम्प खोले जाने की घोषणा की। उन्होंने युवाओं से आव्हान किया कि वे नक्सलियों के बहकावें में नहीं आएं। इस दौरान बस्तर सामाजिक एकता मंच के सदस्य संपत झा, सुब्बा राव, मनीष पारेख, अविनाश श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद थे।
---