
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर और न्यायसंगत अवसर दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल राजधानी में सक्रिय हो गया है। बस्तर सांसद महेश कश्यप और दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। भेंट के दौरान मुख्य रूप से एनएमडीसी की एल-1 और एल-2 भर्ती प्रक्रियाओं में स्थानीय युवाओं की सहभागिता और उन्हें मिलने वाले रोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान बस्तर सांसद महेश कश्यप ने मुख्यमंत्री के समक्ष यह प्रमुखता से बात रखी कि क्षेत्र के युवाओं को उनके अपने ही इलाके में पर्याप्त और स्थायी रोजगार उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी जैसी बड़ी संस्थाओं की एल-1 एवं एल-2 सहित अन्य सभी भर्ती प्रक्रियाओं में स्थानीय युवाओं को विशेष प्राथमिकता मिलनी बेहद आवश्यक है।
दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि बस्तर के युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और कार्यक्षमता की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है। आज बस्तर क्षेत्र के प्राकृतिक और खनिज संसाधनों से पूरे देश का तीव्र विकास हो रहा है, इसलिए यह पूरी तरह न्यायसंगत है कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के माध्यम से इस विकास की मुख्यधारा से सीधे जोड़ा जाए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और न्यायसंगत अवसर सुनिश्चित करते हुए स्थानीय युवाओं की अधिकतम सहभागिता की मांग दोहराई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि एनएमडीसी भर्ती में स्थानीय हितों का पूरा ध्यान रखा जाए जिससे युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, सदस्य सोमरू कड़ती, करण तामो, राजू कड़ती, रवि नाग, सुनील मंडावी, ईश्वर कुमार, सुनील मड़ावी और सुरेश कश्यप सहित अनेक युवा साथी और प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।